
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शादी का वादा कर लिव-इन रिलेशन में रहने के दौरान शारीरिक शोषण करने के मामले में एक युवक पर केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने बैतूल में इसकी एफआईआर दर्ज करवाई थी, जिसकी केस डायरी जांच के लिए भोपाल में छोला पुलिस को सौंपी गई है। पीड़िता ने जिस युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है, उसी युवक का पूर्व में युवती अपने भाई-बहनों के साथ अपहरण कर चुकी है। इस मामले में छोला मंदिर पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब पुलिस दुष्कर्म के आरोपित युवक की तलाश कर रही है।
छोला पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय युवती पीड़िता मूलतः बैतूल जिले की रहने वाली है। करीब तीन साल पहले वह नौकरी की तलाश में भोपाल आई थी। जहां पर एक सहेली के माध्यम से उसकी जान-पहचान छोला निवासी युवक से हुई थी। युवक हार्डवेयर की दुकान चलाता है और उसने युवती को अपनी दुकान पर नौकरी दी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और एक साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगे। इस दौरान युवक लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा, जिससे युवती दो बार गर्भवती हुई।
युवती के गर्भवती होने का पता चलने पर दोनों ही बार आरोपित युवक ने उसका गर्भपात करवा दिया। इसी बीच युवती की तबीयत बिगड़ी तो युवक ने उसे उसके माता-पिता के पास बैतूल में गांव भेज दिया और उससे संपर्क तोड़ दिया। इस बात से नाराज होकर युवती, उसकी बहन और रिश्ते के अन्य भाई समेत छह आरोपितों ने जनवरी 2026 में छोला क्षेत्र में युवक का अपहरण कर लिया और उससे शादी करना चाहती थी।
यह भी पढ़ें- रीवा और मऊगंज में करोड़ों का डामर घोटाला, फर्जी इनवॉइस लगाकर डकारे 18 करोड़, EOW ने 44 पर दर्ज किया केस
हालांकि युवक इटारसी में चकमा देकर भाग निकला। अपहरण के मामले में छोला मंदिर थाना पुलिस ने युवती और उसकी बहन समेत एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में अभी भी तीन आरोपित फरार हैं। वहीं जब पीड़िता जमानत पर लौटी तो उसने बैतूल में शिकायत की थी।