नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोलार क्षेत्र के प्रियंका नगर में बुधवार देर रात चाकू घोंपकर युवक की हत्या मामले में नए खुलासे हुए हैं। मारपीट और फिर चाकूबाजी से खून-खराबे में तब्दील हुई यह वारदात दरअसल दो बहनों की आपसी बुराई से शुरू हुई थी। एक बहन ने अपने प्रेमी से बड़ी की बहन की बुराई की तो दोनों के प्रेमियों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी झगड़े के चलते दोनों प्रियंका नगर के एक कैफे के पास मिले और मारपीट शुरू हो गई। पड़ोस में रहने वाले युवक को झगड़ते देख 25 वर्षीय आकाश मोरे ने बीच बचाव किया तो बदमाशों ने उस पर चाकूओं से वार कर दिया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई। कोलार पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोलार पुलिस के अनुसार 19 वर्षीय अतुल वर्मा शिवपुरी जिले के बगवासा खुर्द का रहने वाला है। वर्तमान में वह दानिश कुंज में किराये से रहकर एमवीएम कॉलेज में पढ़ाई करता है। कॉलेज में पढ़ने वाली एक युवती से उसकी दोस्ती थी। बाद में युवती की दोस्ती इब्राहिमगंज निवासी अवध राठौर से शुरू हो गई थी। इस दौरान अतुल ने युवती की छोटी बहन से बात करना शुरू किया। वे इंस्टाग्राम के जरिए चैट करते थे।
दोनों बहनों के बीच अक्सर वाद-विवाद होता था। छोटी बहन अक्सर अपने प्रेमी अतुल से बड़ी बहन की बुराई करती थी। पिछले दिनों बड़ी बहन ने छोटी के मोबाइल में चैट पढ़ ली तो प्रेमी अवध राठौर से इसकी शिकायत की। अवध ने अतुल को फोन कर उसे प्रेमिका की छोटी बहन से बात करने को रोका।
इस बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर विवाद हो गया। तब अतुल शिवपुरी में अपने घर में मौजूद था। वह वापस आया तो अवध को फोन कर बात प्रियंका नगर के बंकर कैफे पर बात करने रात आठ बजे बुलाया। अवध के साथ उसका दोस्त तरूण कुशवाहा और उसकी प्रेमिका भी मौजूद थी।
वहीं अतुल अपने दोस्त आशीष राठौर के साथ कैफे में मौजूद था। अतुल और अवध के बीच विवाद शुरू हुआ तो दोनों के दोस्त भी कूद पड़े। वहीं आशीष के पड़ोसी आकाश मोरे ने उसे झगड़ते हुए देखा तो बीच-बचाव के लिए पहुंच गया।
इस दौरान अवध ने जेब में से चाकू निकालकर आकाश के पेट में घुसा दिया। अतुल और उसका साथी आकाश को अस्पताल लेकर पहुंचे तब डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों को लेकर भी जांच कर रही है।