
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। धार्मिक यात्रा पर गए एक किसान परिवार के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाशों ने घर का ताला तोड़ा, अंदर रखी गुल्लक फोड़कर लाखों की नकदी और जेवर चोरी कर फरार हो गए। सिकंदराबाद गांव निवासी परिवार ने 20 तोला से ज्यादा सोने के जेवर, करीब आधा किलो चांदी और नौ गुल्लकों में जमा 9 लाख रुपए चोरी करने का दावा किया है।
हालांकि पुलिस ने इस दावे पर संदेह जाहिर किया है। पुलिस के अनुसार 42 वर्षीय किसान फूल सिंह साहू 21 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे घर पर ताला लगाकर परिवार सहित ओरछा दर्शन के लिए रवाना हुए थे। 23 अक्टूबर की देर रात लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। 24 अक्टूबर को मामला दर्ज कराया गया। शनिवार को पुलिस एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच की।
परिवार ने बताया चोरी गए सामान में सोने का रानी हार, गले के दो हार, चार जोड़ी टाप्स, पांचाली, सोने की चूड़ियां, तीन अंगूठियां, बिंदिया, मंगलसूत्र और सोने की चेन शामिल हैं। किसान का कहना है कि घर में नौ गुल्लकें थीं, जिनमें करीब 9 लाख रुपए रखे थे।
थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि शिकायत पर एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और चोरी गए सामान का ब्योरा जुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संपत्ति की मात्रा और घटनाक्रम की पड़ताल भी की जा रही है।