
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कमला नगर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी होने के बाद साइबर ठगी का मामला सामने आया है। करीब दो महीने बाद महिला ने जब नई सिम जारी करवाई तो बैंक खाते से 27,880 रुपये निकालने का मैसेज मिला। कमला नगर पुलिस ने साइबर अपराध का केस दर्ज किया है।
गौशाला भदभदा रोड निवासी आरती मोगिया (26) का मोबाइल 16 अगस्त को घर से चोरी हो गया था। उसमें सिम लगी थी। करीब दो महीने बाद उन्होंने नया मोबाइल खरीदकर उसी नंबर की सिम निकलवाई। इसके बाद फोन-पे की जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके आईडीबीआई बैंक खाते से 27,880 रुपये ट्रांसफर कर लिए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आकृति गार्डन निवासी 52 वर्षीय सुशील कुमार गुप्ता को फेसबुक पर ट्रेडिंग के विज्ञापन के जरिए ठगों ने निशाना बनाया। 10 अक्टूबर को उन्होंने विज्ञापन देखा और पेज सब्सक्राइब करने के लिए 200 रुपये दिए। अगले दिन रवि नाम के व्यक्ति ने वॉट्सऐप पर संपर्क कर एंजेल ब्रोकिंग के जरिए ट्रेडिंग शुरू कराई। शुरुआत में 10 से 15 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया।
इसके बाद रवि ने अधिक कमाई का झांसा देकर मनोज और योगेश गांधी से संपर्क कराया। पत्नी के दस्तावेजों से ट्रेडिंग खाता खुलवाया गया। 10 से 17 नवंबर के बीच चार किस्तों में बेटे के बैंक खाते से तीन लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। रकम वापस नहीं मिलने पर ठगी का पता चला।
अयोध्या नगर निवासी प्रवीण मिश्रा से ठगों ने दूसरे व्यक्ति की पहचान बताकर 1 लाख 17 हजार 999 रुपये ठग लिए। आरोपितों ने फर्जी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत की थी। वहां से मामला जांच के लिए अयोध्या नगर थाने भेजा गया है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के बजाय अब जबलपुर में शक्ति प्रदर्शन करेगी एमपी कांग्रेस, 26 नवंबर को शुरू होगा वोट रक्षक अभियान