भोपाल में जुए के अड्डे पर ACP की दबिश, कोतवाली TI सहित तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
जुआ बंद कराने के निर्देश के बावजूद कार्रवाई नहीं होने और जुआरियों को कथित संरक्षण देने के आरोपों की जांच के बाद टीआई प्रभात गौड़ सहित तीन पुलिसकर्मी न...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 16 Sep 2026 05:26:11 PM (IST)Updated Date: Wed, 16 Sep 2026 05:26:11 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- चौक बाजार में एसीपी संतोष पटेल की टीम ने कार्रवाई
- दर्जनभर से अधिक जुआरी पकड़े करीब सवा दो लाख रुपये जब्त
- जांच के बाद टीआई प्रभात गौड़ सहित तीन पुलिसकर्मी निलंबित
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के चौक बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे जुए के अड्डे पर एसीपी कोतवाली की टीम की दबिश के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई है।
जुए के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने और जुआरियों को कथित संरक्षण देने के आरोपों की जांच के बाद कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात गौड़ सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है।
कार्रवाई की जद में बीट प्रभारी एएसआई राकेश गुर्जर और माइक्रो बीट प्रभारी आरक्षक नरेंद्र रावत भी आए हैं। तीनों के खिलाफ कार्रवाई डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता के स्तर से की गई है।
एसीपी की दबिश में खुला जुए का अड्डा
जानकारी के मुताबिक, एसीपी कोतवाली संतोष पटेल ने अपनी टीम के साथ चौक बाजार क्षेत्र में जुए के अड्डे पर दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दर्जनभर से अधिक जुआरियों को पकड़ा। मौके से करीब सवा दो लाख रुपये भी बरामद किए गए।
दबिश के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू की कि क्षेत्र में जुए की गतिविधियां लंबे समय से चलने के बावजूद स्थानीय पुलिस की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
निर्देश के बाद भी नहीं रुका जुआ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में जुआ बंद कराने के लिए थाना स्तर पर पहले भी निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद गतिविधियां जारी रहीं। जांच के दौरान थाना प्रभारी प्रभात गौड़ की भूमिका और जुआरियों को कथित संरक्षण देने के आरोपों की भी पड़ताल की गई।
इसके बाद बीट और माइक्रो बीट स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई और तीनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
बजरिया टीआई के बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई
जुआरियों को संरक्षण देने के आरोप में थाना स्तर के पुलिस अधिकारियों पर यह भोपाल पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव को भी निलंबित किया जा चुका है। उनके खिलाफ भी क्षेत्र में जुए की गतिविधियों को लेकर कार्रवाई हुई थी।
पुलिस अब चौक बाजार में संचालित जुए के अड्डे से जुड़े अन्य लोगों और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।