बेदखली का डर : भोपाल के जनता क्वार्टर में 3 महिलाओं ने खाया जहर,अस्पताल में भर्ती
हाउसिंग बोर्ड ने जनता क्वार्टर के 600 ईडब्ल्यूएस आवास खाली करने के लिए 13 नवंबर तक का समय दिया था। 14 नवंबर से तोड़फोड़ की कार्रवाई प्रस्तावित थी। इनमें केवल 110 वैध आवंटी निवासरत हैं।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 08:18:47 AM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 08:54:38 AM (IST)
नोटिस मिलने के बाद गुरुवार देर रात रहवासी आवास खाली कर सामान लोडिंग ऑटो में रख रहे थे। नईदुनियाHighLights
- बेदखली के डर से तीन महिलाओं ने खाया संदिग्ध पदार्थ
- भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में रहती हैं महिलाएं
- हाउसिंग बोर्ड ने जनता क्वार्टर के 600 ईडब्ल्यूएस को नोटिस दिए
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग स्थित हाउसिंग बोर्ड के जनता क्वार्टर को खाली कराने की कार्रवाई से पहले गुरुवार को रहवासी तीन महिलाओं ने जहर (चूहा मार ) पदार्थ खा लिया। इससे उनकी हालत बिगड़ गई और उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड ने जनता क्वार्टर के 600 ईडब्ल्यूएस आवासों को खाली कराने के लिए रहवासियों को 13 नवंबर तक का समय दिया था,जिससे कि 14 नवंबर से इन्हें तोड़ा जा सके। नगर निगम इन भवनों को 10 साल पहले ही जर्जर घोषित कर चुका है।
महीनेभर पहले दिए नोटिस
अधिकारियों के मुताबिक दोबारा विकासनीति के तहत यहां आधुनिक बहुमंजिला इमारत बनाने की सहमति के बाद महीने भर पहले अंतिम नोटिस जारी किए गए थे । इन 600 क्वार्टरों में केवल 110 ही वैध आवंटी निवासरत हैं। इसी बीच यहां रहने वाली 60 वर्षीय कमलाबाई, 45 वर्षीय सीमा खान और 50 वर्षीय लइका बी ने गुरुवार को जहर खा लिया। उनकी तबीयत बिगड़ गई और स्वजन उन्हें हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे ।
महिलाओं की हालत स्थिर
हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुनीत टंडन ने बताया कि महिलाओं को इमरजेंसी में भर्ती किया गया है। सभी की हालत ठीक है। उन्होंने संदिग्ध पदार्थ का सेवन किया था। शुरुआती जांच में यह जहर जैसा नहीं लग रहा है। फिर भी एहतियात के तौर पर जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। सभी महिलाओं का पेट साफ किया जा रहा है। एक महिला मना कर रही थी, उसे समझाकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
रहवासी बोले- नोटिस के साथ दी धमकी
- जनता क्वार्टर में सभी मजदूर व गरीब परिवार निवास करते हैं।करीब एक सप्ताह पहले नोटिस थमाते हुए 13 नवंबर तक आवास खाली करने के लिए कहा था। साथ ही धमकी दी थी कि यदि आवास खाली नहीं किए तो 14 नवंबर से बुलडोजर चलाया जाएगा। रेहाना, रहवासी
हाउसिंग बोर्ड मकान खाली करवाने के लिए दवाब बना रहा है, लेकिन हम लोग ठंड में परिवार सहित कहां जाएं। नगर निगम के कर्मचारियों ने चेतावनी दी थी, इसी से घबराकर पड़ोसी महिलाओं ने जहर खा लिया है।सिर्फ 110 लोगों को आवास मिल रहे हैं । शगुफ्ता, रहवासी
महिलाओं के जहर खाने की सूचना मिलने पर टीम घर पहुंची थी, लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी। अस्पताल से एमएलसी प्राप्त नहीं हुई थी, तो टीम को हमीदिया अस्पताल भेजा गया है। घायलों के बयान दर्ज करने के बाद जांच की जाएगी।संदीप पवार, थाना प्रभारी ऐशबाग
जनता क्वार्टर के आवासों को तोड़े जाने की कार्रवाई को फिलहाल टाल दिया गया है।पर्याप्त पुलिस बल मिलने के बाद तारीख तय कर मकान तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। एमके साहू, उपायुक्त, हाउसिंग बोर्ड