भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। धार्मिक संस्था कर्मश्री की तिरंगा यात्रा डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर (कोलार) के मदर टेरेसा स्कूल से तिरंगा यात्रा शुरू ई। एक जीप में विधायक व संस्था के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा तिरंगा फहराते हुए आगे चले। उनके पीछे सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता व नागरिक अलग-अलग वाहनों में झंडा लेकर रैली की शक्ल में आगे बढ़े। देशभक्ति के तरानों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह 12 बजे से मदर टेरेसा स्कूल के सामने शुरू हुई यात्रा में शामिल सभी लोगों का जगह- जगह स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा की गई। तिरंगा यात्रा इसके बाद बैरागढ़ चीचली, ललिता नगर, बंजारी, बीमाकुंज, सर्वधर्म सहित अन्य मार्गों से होते हुए निकली। संत हिरदाराम नगर सीहोर नाके तक कुल 25 किलोमीटर की तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर ये देश है वीर जवानों का अलबेलों का मस्तानों का इस देश के यारों क्या कहना...सारे जहां से अच्छा हिन्दुस्तां हमारा...लहरा दो... सहित अन्य देशभक्ति गीतों के साथ झूमते, भारत माता का जयघोष करते हुए निकले।
इस्लामाबाद, लाहौर तक फहराएगा तिरंगा
तिरंगा यात्रा के शुभारंभ के मौके पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व भारत प्रगति कर रहा है। आज विदेश में भारत का सम्मान बढ़ा है। देखना एक दिन भारत का तिरंगा इस्लामाबाद, लाहौर तक फहराता दिखेगा। आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक तिरंगा फहराया जा रहा है। जन-जन देशभिक्त का जज्बा देखने को मिल रहा है।
इन मार्गों से होकर निकली तिरंगा यात्रा
हूजूर विधानसभा क्षेत्र के कोलार से निकली तिरंगा यात्रा माता मंदिर, रोशनपुरा चौराहा, बाणगंगा चौराहा, विवेकानंद चौराहा पालिटेक्निक, कमला पार्क, शीशमहल, भवानी चौक कर्फ्यू वाली माता, अग्रसेन चौराहा (जिला भाजपा कार्यालय), रायल मार्केट, कलेक्ट्रेट, वीआइपी गेस्ट हाउस, फ्लाइओवर से हलालपुर बस स्टैंड, बस स्टैंड संत हिरदाराम नगर, आदर्श मार्ग, साधु वासवानी स्कूल, वाल्मीकि मंदिर, आरा मशीन रोड, कालका चौराहा, शिव मंदिर (चंचल चौराहा), फायर स्टेशन से झूलेलाल विसर्जन घाट (संत हिरदाराम नगर )पहुंची। यहां पर तिरंगा यात्रा का समापन हुआ।