Today in Bhopal: भारत भवन में नाटक 'मोहे पिया' का मंचन, मानस भवन में देखें दस्तकारी हाट प्रदर्शनी
शनिवार 05 अक्टूबर को भोपाल शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां पर मानव संग्रहालय, राज्य संग्रहालय, जनजातीय संग्रहालय, बोट क्लब, सैर-सपाटा और वन विहार जैसी अनेक मनोरम जगह हैं, जहां भ्रमण करना आपके लिए खुशगवार अनुभव होगा।
Publish Date: Sat, 05 Oct 2024 08:20:08 AM (IST)
Updated Date: Sat, 05 Oct 2024 08:20:08 AM (IST)
भोपाल की बड़ी झील का मनोरम दृश्य (प्रतीकात्मक चित्र)HighLights
- जीपी बिड़ला संग्रहालय में नवरात्र पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी सजाई गई है।
- जनजातीय संग्रहालय में गोंड चित्रकार संतोषी श्याम की चित्र प्रदर्शनी सजी है।
- भोपाल हाट में सजे खादी उत्सव मेले में देशभर से बुनकर उत्पाद लेकर आए हैं।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। शनिवार 05 अक्टूबर को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
दस्तकारी हाट - मानस भवन में चल रही दस्तकारी हाट प्रदर्शनी में करवाचौथ और दिवाली के लिए हैंडलूम सिल्क साड़ियों का स्पेशल कलेक्शन आया है। समय सुबह 11 बजे से है
छायाचित्र प्रदर्शनी - जीपी बिड़ला संग्रहालय में नवरात्र पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। पुरातात्विक संदर्भों में वर्णित देवी शक्तियों में नवदुर्गा के छायाचित्रों की कृतियां कलाकार पुनिता मालविया, अंकिता रस्तोगी, रिचासिंह, अनिता सिंह, प्रिर्या मौर्या, ट्विंकल सक्सेना, डॉ. ज्योति सेठ, नेहा जैन हर्षिता यदुवंशी के साथ शिवम नामदेव ने तैयार की हैं। इस प्रदर्शनी को सुबह 11 से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड चित्रकार संतोषी श्याम के चित्रों की प्रदर्शनी सजाई गई है। इस 54वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात 08 बजे तक देखा जा सकता है।
खादी उत्सव - मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा भोपाल हाट में 8 अक्टूबर तक खादी उत्सव-2024 का आयोजन किया जा रहा है। इस खादी उत्सव में एक ही परिसर में देश के विभिन्न राज्यों के खादी तथा ग्रामोद्योग के उत्पाद उपलब्ध हैं। साथ ही यहां प्रतिदिन शाम को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हो रहा है। समय दोपहर 01 से रात 10 बजे तक है।
अभिनय कार्यशाला - हम थियेटर ग्रुप द्वारा प्रस्तुतिपरक अभिनय कार्यशाला का आयोजन मायाराम सुरजन भवन में किया जा रहा है। 45 दिवसीय कार्यशाला में फिजिकल एक्सरसाइज, बॉडी मूवमेंट,वाइस माड्यूलेशन, इंप्रोवाइजेशन, स्पीच, मेकअप और डायरेक्टर आदि का प्रशिक्षण देकर नाटक तैयार किया जाएगा। समय शाम छह बजे से है।
भास नाट्य समारोह - भारत भवन में भास महिमा पर एकाग्र नाट्य समारोह में भास के नाटक और आधुनिक रंगमंच पर वैचारिक सत्र सुबह 11 बजे से होगा। इसके अलावा नाटक 'मोहे पिया' का मंचन शाम 7 बजे किया जाएगा।