By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 16 Jun 2023 06:41:50 AM (IST)
Updated Date: Fri, 16 Jun 2023 06:41:50 AM (IST)
भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप खत्म होने के बाद शहर में सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रम पहले की तरह हो रहे हैं। शुक्रवार 16 जून को शहर में कई ऐसे आयोजन हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत माह जून के प्रादर्श के रूप में नदी टोला, गुमला, झारखंड के ओरांव समुदाय से संकलित पारंपरिक ‘जाता - एक पारंपरिक हस्त चालित चक्की’ को दर्शकों के अवलोकनार्थ प्रदर्शित किया गया है। पाषाण से निर्मित यह चक्की अनाज पीसने में उपयोग होती थी। इसे सुबह 11 बजे से देखा जा सकता है।
निर्माण कार्यशाला - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय द्वारा मुक्ताकाश प्रदर्शनी में स्थित पारम्परिक आवासों के वास्तुशिल्प के बारे में छात्र–छात्राओं, दर्शकों के जानने समझाने के लिए निर्माण कार्यशाला का आयोजन जा रहा है। बस्तर के बालसायं वड्डे के नेतृत्व में 9 पारंपरिक कलाकारों द्वारा बस्तर के घोटुल आवास प्रकार के छाजन कार्य कराया जा रहा है।
क्राफ्ट बाजार - मध्यप्रदेश शासन कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा गौहर महल में 16 से 25 जून तक काफ्ट बाजार का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में आंध्रप्रदेश के हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट के ब्रांड लेपाक्षी को और आंध्रप्रदेश के मास्टर बुनकरों/कारीगरों के उत्पादों का प्रदर्शन सह विक्रय किया जाएगा। प्रदर्शनी का शुभारंभ सुबह 11.45 बजे किया जाएगा।
चित्र प्रदर्शनी - रेखाओं को जोड़कर चटख रंगों से बनाए गए पशु-पक्षी एवं जानवरों के चित्र सभी को आकर्षित करते हैं। ऐसे ही चित्रों को निहारने का अवसर कला प्रेमियों को मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय में मिल रहा है। गोंड समुदाय की चित्रकार रजनी धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी लिखंदरा दीर्घा में सजाई गई है। इस प्रदर्शनी को दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक देखा जा सकता है।
चित्रांकन शिविर - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय द्वारा संग्रहालय में बच्चों के लिए 11 से 25 जून तक ग्रीष्मकालीन चित्रांकन शिविर उल्लास का आयोजन किया जा रहा है। यह गतिविधि दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक आयोजित की जा रही है। इसमें भील चित्रकार पद्मश्री भूरीबाई, गोंड चित्रकार नर्मदा प्रसाद तेकाम बच्चों को चित्रांकन की बारीकी और रेखा, रंग आदि के बारे में प्रशिक्षण दे रहे हैं।
संगीत संध्या - रवींद्र भवन में संगीत कार्यक्रम बरखा रानी जमकर बरसो... में जमकर स्वर लहरियां बहती नजर आएंगी। इसमें शहर के चुनींदा कलाकार अपनी प्रस्तुति देते नजर आएंगे। कार्यक्रम का आयोजन साढ़े छह बजे से होगा। आकर्षण का केंद्र इंडियन आइडल फेम सिंगर सौम्या शर्मा रहेंगी। वे कार्यक्रम में अपनी आवाज का जादू बिखेरती नजर आएंगी।
गोस्वामी तुलसीदास समारोह - भारत भवन में कलाजयी महाकवि गोस्वामी तुलसीदास पर केंद्रित पांच दिवसीय गोस्वामी तुलसीदास समारोह का आयोजन 16 जून से किया जाएगा। इस समारोह में कला प्रदर्शनी, गायन, वादन, नृत्य, परिसंवाद और फिल्म प्रदर्शन का आयोजन होगा। समारोह के पहले दिन शाम 6.30 बजे राम कथा पर आधारित कला प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद सात बजे मंगलाचरण पर संगीता गोस्वामी और साथी कलाकारों द्वारा तुलसीदास की रचनाओं का गायन किया जाएगा। 7.35 बजे लोक गायिका मालिनी अवस्थी गोस्वामी तुलासीदास के पदों का गायन करेंगी।
समूह चित्र प्रदर्शनी - स्वराज भवन में समूह चित्र प्रदर्शनी स्वराज भवन में समूह चित्र प्रदर्शनी का आयोजन। यहां 22 कलाकारों के 25 चित्रों को शामिल किया है। यहां सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक चित्रों को देखा जा सकता है। प्रवेश निश्शुल्क है।