Today in Bhopal: रानी कमलापति स्टेशन पर विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का आयोजन, गौहर महल में देखें सावन मेला
भोपाल शहर में बुधवार 14 अगस्त को ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां पर भारत भवन, जनजातीय संग्रहालय, मानव संग्रहालय, बिड़ला संग्रहालय, वन विहार और बोट क्लब जैसी घूमने लायक अनेक जगहें हैं, जहां भ्रमण करना आपके लिए आनंददायी अनुभव हो सकता है।
Publish Date: Wed, 14 Aug 2024 08:03:03 AM (IST)
Updated Date: Wed, 14 Aug 2024 08:03:03 AM (IST)
 बड़ा तालाब में स्थित राजा भोज की प्रतिमा (प्रतीकात्मक चित्र)
बड़ा तालाब में स्थित राजा भोज की प्रतिमा (प्रतीकात्मक चित्र)HighLights
- जनजातीय संग्रहालय में गोंड चित्रकार सुनैना तेकाम के चित्रों की प्रदर्शनी सजी है। 
- भारत भवन में देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी देख सकते हैं। 
- महाराणा प्रताप भवन में स्वदेशी सिल्क एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। बुधवार 14 अगस्त को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
        तिरंगा यात्रा - स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष्य में आज एक तिरंगा यात्रा डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर, कोलार से संत हिरदाराम नगर तक निकाली जाएगी। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।  
          विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी - आज देश विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रानी कमलापति स्टेशन परिसर में एअर कांकोर्स में स्वाधीनता सेनानियों की उपस्थिति में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी भी लगाई गई है।  
          माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में 'माह का प्रादर्श' श्रंखला के तहत अगस्त माह के प्रादर्श के रूप में पारंपरिक छतरी खुमरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। वीथि संकुल में इसे सुबह 11 से शाम 06 बजे तक देखा जा सकता है।  
          स्वदेशी सिल्क एक्सपो - महाराणा प्रताप भवन, चार इमली में स्वदेशी सिल्क एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। समय सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक है।  
         प्रदर्शन - स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पेटा संस्था द्वारा पक्षियों की स्वच्छंद उड़ान का समर्थन करने के लिए शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया जाएगा। समय दोपहर 12 बजे से है।  
        चित्र प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय की चित्रकार सुनैना तेकाम के चित्रों की प्रदर्शनी सह विक्रय का संयोजन किया जा रहा है। इस 52वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात 08 बजे तक देखा जा सकता है।  
          रूपाभ कला प्रदर्शनी - समकालीन चित्रकारों की प्रदर्शनी श्रृंखला रूपाभ का आयोजन भारत भवन में किया जा रहा है। इसमें स्वपन तरफदार के बनाए चित्रों को दोपहर एक बजे से निहारा जा सकता है। हेरिटेज थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में वाटर कलर से बनाए गए 35 चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इन चित्रों में प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को उभारा गया है।  
          सावन मेला - मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम की ओर से सावन मेला का आयोजन गौहर महल में किया जा रहा है। इस मेले को दोपहर दो बजे से देखा जा सकता है। गौहर महल में यह मेला 18 अगस्त तक चलेगा।