Today in Bhopal: शहीद भवन में नाटक 'मुसाफिर' का मंचन, भोपाल हाट में देखें रीजनल सरस मेला
मंगलवार 19 मार्च को भोपाल शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 19 Mar 2024 07:41:54 AM (IST)
Updated Date: Tue, 19 Mar 2024 07:41:54 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- जनजातीय संग्रहालय में भील चित्रकार रेसु गणावा के चित्रों की प्रदर्शनी सजाई गई है।
- मानव संग्रहालय में माह के प्रादर्श के रूप में मणिपुर की थंगाल जनजाति के कृषि उपकरण 'मकी कफा' का अवलोकन कर सकते हैं।
- शहीद भवन में चल रहे रिफ्लेक्शन नाट्य महोत्सव का आज दूसरा दिन है।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। मंगलवार 19 मार्च को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में 'माह का प्रादर्श' श्रंखला के तहत मणिपुर की थंगाल जनजाति के कृषि उपकरण 'मकी कफा - एक पारंपरिक कुदाल' को प्रदर्शित किया जा रहा है। वीथी संकुल में इसे सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में भील समुदाय की चित्रकार रेसु गणावा के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया जा रहा है। 47वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात आठ बजे तक देखा जा सकता है।
रीजनल सरस मेला - पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा रीजनल सरस मेला का आयोजन भोपाल हाट परिसर में किया जा रहा है। इस मेले में देश के विभिन्न प्रांतों से आए स्वसहायता समूह अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु उपस्थित हैं। समय दोपहर एक बजे से है।
नाटक मंचन - शहीद भवन में रिफ्लेक्शन नाट्य महोत्सव के तहत मंगलवार को आज दूसरे दिन गोपाल दुबे द्वारा निर्देशित नाटक 'मुसाफिर' का मंचन किया जाएगा। प्रस्तुति शाम साढ़े छह बजे आरंभ होगी और प्रवेश निश्शुल्क रखा गया है।