नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में कलात्मक, सांस्कृतिक, सामाजिक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला निरंतर चलता रहता है। रविवार 21 जुलाई को भी शहर में ऐसी अनेक गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे ही चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
प्रांतीय नृत्य समारोह - संस्कार भारती द्वारा प्रांतीय नृत्य समारोह का आयोजन शिवाजी नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में किया जा रहा है। समारोह सुबह 11 से आरंभ होगा।
विशेष प्रस्तर प्रदर्शनी- जीपी बिड़ला संग्रहालय में एक विशेष प्रदर्शनी सजाई गई है। इसमें भगवान श्रीहरि विष्णु के विभिन्न अवतारों पर केंद्रित मूर्तियों को देखा जा सकता है, जो 10 से 11वीं शताब्दी तक की हैं। इस प्रदर्शनी में भारतीय धार्मिक संस्कृति के अनुसार एवं पुराणों में वर्णित कथाओं पर आधारित परंपराओं को समेटे हुए मूर्तियां रखी गई हैं। इसे सुबह 10:30 बजे से देखा जा सकता है।
पुस्तक मेला - शहर के मौलाना आजाद केंद्रीय पुस्तकालय (सेंट्रल लाइब्रेरी) द्वारा आयोजित दो-दिवसीय पुस्तक मेले का आज शुभारंभ होगा। उक्त मेले में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षा और साहित्य की पुस्तकें मिल सकेंगी। मेले का आयोजन सुबह 11 बजे से रात आठ तक किया जाएगा। इस पुस्तक मेले में प्रतियोगी परीक्षा एवं साहित्य संबंधी पुस्तकें उपलब्ध होंगी।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में 'माह का प्रादर्श' श्रंखला के तहत इस माह उरांव जनजाति के प्रचीन वाद्य यंत्र लोहाटी का प्रदर्शन किया गया है। वीथि संकुल में इसे सुबह 11 से शाम 06 बजे तक देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील समुदाय की युवा चित्रकार शिवाबाई भाबोर के चित्रों की प्रदर्शनी सह विक्रय का संयोजन किया जा रहा है। इस 51वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात 08 बजे तक देखा जा सकता है।
संभावना उत्सव - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में नृत्य, गायन एवं वादन पर केंद्रित गतिविधि "संभावना" में 21 जुलाई को दोपहर दो बजे से जनजातीय नृत्य की प्रस्तुतियां संयोजित की जा रही हैं। इस मौके पर झाबुआ के अभिषेक मंडोरिया अपने साथियों के साथ भीली भगौरिया नृत्य करेंगे। इसके बाद मोनिया नृत्य की प्रस्तुति शैलेंद्र सिसोदिया और साथी, टीकमगढ़ द्वारा दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रवेश निश्शुल्क है।
रचनापाठ - अखिल भारतीय साहित्य परिषद भोपाल इकाई द्वारा गुरुपूर्णिमा पर सम्मान, वक्तव्य व रचनापाठ कार्यक्रम विश्व संवाद केंद्र, शिवाजी नगर में किया जा रहा है। कार्यक्रम दो बजे से आरंभ होगा।
संगीत संध्या - हमारा मधुबन मानव सेवा एक संकल्प संस्था की तृतीय वर्षगांठ के मौके पर संगीत संध्या सदाबहार गीतों का सफर का आयोजन एसवी पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभागार में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ग्रुप के गायक कलाकार फिल्मी गीतों की प्रस्तुति देंगे और उत्कृष्ट कार्य के लिए मीडियाकर्मी और गायकों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम शाम चार बजे से आरंभ होगा।
सैन्य फिल्म प्रदर्शन - शौर्य स्मारक के मुक्ताकाश मंच पर सैन्य फिल्म ओवर टैंक मैन का प्रदर्शन शाम छह बजे से होगा। फिल्म्स डिवीजन आफ इंडिया द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म भारतीय सेना के टैंक डिवीजन पर आधारित है।
नाटक मंचन - भारत भवन में चल रहे मध्य प्रदेश रंगोत्सव में आज तीसरे दिन अंकित मिश्र के निर्देशन में नाटक आदि शंकराचार्य का मंचन किया जाएगा। समय शाम सात बजे से है।