Today In Bhopal : भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। अनलॉक का दायरा बढ़ने के साथ ही शहर में रचनात्मक और व्यावसायिक गतिविधियां भी धीरे-धीरे पुन: शुरू होने लगी हैं। अब लोग भी घूमने के लिए बाहर निकल रहे हैं। किंतु हम यह भी न भूलें कि कोरोना संक्रमण का खतरा अब भी कायम है। ऐसे में हमारी सलाह है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग अवश्य करें और सुरक्षित शारीरिक दूरी का ख्याल रखें। आप कहीं पर भी जाएं, कोरोना गाइडलाइन का पूर्णतया पालन करें। यहां हम आपको रविवार 25 जुलाई को शहर में होने वाले चुनिंदा कार्यक्रमों की जानकारी दे रहे हैं। इससे आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी हो सकती है।
परिसंवाद - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में स्थित लिखंदरा पुस्तकालय में मासिक परिसंवाद की एक श्रृंखला प्रारंभ की जा रही है। इसी के तहत पहला परिसंवाद रविवार दोपहर तीन बजे आयोजित किया जा रहा है। आज यहां जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी की ओर से सुप्रसिद्ध ललित निबंधकार और संस्कृतिविद् डॉ.श्यामसुंदर दुबे, हटा का उद्बोधन होगा। विषय है मध्यप्रदेश की लोकसंस्कृति। उद्बोधन के बाद श्रोतागण वक्ता से संवाद भी कर सकते हैं। परिसंवाद का प्रसारण संग्रहालय के ट्यूब चैनल और फेसबुक पेज पर लाइव किया जाएगा।
स्थापना दिवस : मप्र स्वर्णकार समाज कल्याण समिति का स्थापना दिवस सुबह 10 बजे अशोका गार्डन एकतापुरी में कोरोना से दिवंगतों की स्मृति में पौधारोपण करके मनाया जाएगा।
वर्षावास : तुलसी नगर के करुणा बुद्ध विहार में वर्षावास समारोह का आयोजन सुबह 10:30 बजे किया जाएगा। श्रीलंका महाबोधि सोसायटी सांची केंद्र से भंते यू. तपस्सी थेरो और रत्नबोधि मौजूद रहेंगे।
पौधारोपण : कोरोना काल में दिवंगत हुए लोगों की याद में वसंत कुंज अरेरा कॉलोनी श्री सहस्त्रबाहु भगवान मंदिर प्रांगण में पौधारोपण कार्यक्रम दोपहर तीन बजे रखा गया है। आयोजक मप्र युवा कलार महासभा है।
चित्र प्रदर्शनी : मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार रामसिंह भाबोर के चित्रों की प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से देखी जा सकती है।
माह का प्रादर्श : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में इस माह के प्रादर्श के तहत ढोल और दमाऊ का प्रदर्शन किया गया है। यह उत्तराखंड के प्राचीन वाद्य यंत्रों में से एक है। दर्शक इसे सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे देख सकते हैं।
फिल्म प्रदर्शन : शौर्य स्मारक में गुरुवार को सैन्य फिल्म 'श्रद्धांजलि' का प्रदर्शन शाम छह बजे से किया जाएगा।
बिजली कटौती : आज शहर में अंबर कॉम्पलेक्स, चेतक कॉम्पलेक्स, सिटी हॉस्पिटल और एमपी नगर जोन-2 में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक छह घंटे बिजली बंद रहेगी। इसी प्रकार विजय नगर, वल्लभ नगर में सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक और मछली मार्केट, चिंतामन चौराहा, बुधवारा एवं आसपास सुबह 10 से चार बजे तक बिजली बंद रहेगी। उक्त समय में बिजली तारों व उपकरणों का सुधार किया जाएगा।