Today in Bhopal: शहर में 23 जुलाई को क्या हैं खास कार्यक्रम, कहां-कहां होगी विद्युत कटौती, जानिए यहां
कोरोना संक्रमण का खतरा कायम है। अत: घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग जरूर करें और सुरक्षित शारीरिक दूरी का ख्याल रखें।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 23 Jul 2021 08:35:39 AM (IST)
Updated Date: Fri, 23 Jul 2021 08:35:39 AM (IST)

Today In Bhopal : भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। अनलॉक का दायरा बढ़ने के साथ ही शहर में रचनात्मक और व्यावसायिक गतिविधियां भी पुन: धीरे-धीरे शुरू होने लगी हैं। लोग भी अब घूमने के लिए बाहर निकल रहे हैं। किंतु आप यह भी न भूलें कि कोरोना संक्रमण का खतरा अब भी कायम है। ऐसे में हमारी सलाह है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग जरूर करें और सुरक्षित शारीरिक दूरी का ख्याल रखें। आप कहीं पर भी घूमने जाएं, कोरोना गाइडलाइन का पूर्णत: पालन करें। यहां हम आपको शुक्रवार 23 जुलाई को शहर में होने वाले चुनिंदा कार्यक्रमों की जानकारी दे रहे हैं। इससे आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी हो सकती है।
चंद्रशेखर आजाद जयंती - नानके पेट्रोल पंप न्यू मार्केट में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाल गंगाधर तिलक की जयंती कार्यक्रम रखा गया है। इस मौके पर चंद्रशेखर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। आयोजक जिला कांग्रेस कमेटी है। आजाद मार्केट में भी कार्यक्रम होगा।
रेल कोच रेस्टोरेंट का लोकार्पण - मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की इकाई लेक व्यू रेसीडेंसी भोपाल के परिसर में स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट भोपाल एक्सप्रेस का रेनोवेशन के बाद पुनः संचालन शुरू होगा। शाम पांच बजे आयोजित एक कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं अध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर की उपस्थिति में इसे प्रारंभ किया जायेगा।
चित्र प्रदर्शनी : मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील चित्रकार रामसिंह भाबोर के चित्रों की प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से देखी जा सकती है।
माह का प्रादर्श : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में इस माह के प्रादर्श के तहत ढोल और दमाऊ का प्रदर्शन किया गया है। यह उत्तराखंड के प्राचीन वाद्य यंत्रों में से एक है। दर्शक इसे सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे देख सकते हैं।
बिजली कटौती - आज शहर के वसंत विहार, महामाई का बाग क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक छह घंटे बिजली बंद रहेगी। उक्त समय में रघुनाथ नगर, स्टार एवेन्यू, पुष्पा नगर, कम्मू का बाग, चांदबड़, बजरिया क्षेत्र में भी बिजली बंद रहेगी। सुबह नौ से शाम चार बजे तक, शबरी नगर, बंजारा बस्ती, कोटरा क्षेत्र में और सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक प्रियदर्शनी, पठान मोहल्ला, पंचशील नगर क्षेत्र में बिजली बंद रहेगी। वहीं, दोपहर 12.30 से दोपहर 3.30 बजे तक संस्कार गार्डन, फाइन एवेन्यू फेस 2, 3, ऑनेक्स पैलेस, आम्र स्टेट, उमा विहार, ललिता नगर, अंकित परिसर में और सुबह आठ से सुबह 11.30 बजे तक छोटाखेड़ा, गोल गांव, हरियाली रिट्रीट, अमलतास क्षेत्र में बिजली बंद रहेगी। उक्त समय में बिजली तारों व उपकरणों का सुधार किया जाएगा।