Railway News: रेल मदद वेबसाइट व एप के जरिए होगा यात्रियों की जिज्ञासाओं और शिकायतों का समाधान
भारतीय रेल ने रेलवे से जुड़े सभी हेल्पलाइन नंबरों और सिस्टमों को एकीकृत कर दिया है।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 09 Mar 2021 09:26:44 AM (IST)
Updated Date: Tue, 09 Mar 2021 09:26:44 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। अब भारतीय रेल एक मंच पर यात्रियों की जिज्ञासाओं का समाधान करेगा। उनकी शिकायतों को भी सुनेगा और उन्हें दूर करेगा। अभी तक एक से अधिक माध्यमों के जरिए शिकायतें सुनी जाती थीं और जिज्ञासाओं को दूर किया जाता है। अब ऐसा नहीं होगा। रेलवे विभाग ने 139 हेल्पलाइन नंबर को एकीकृत प्रणाली से जोड़ दिया है। इस पर सभी सेवाओं की जानकारी मिलेगी। शिकायतें भी दर्ज हो जाएंगी। इसके अलावा जो यात्री ऑनलाइन माध्यमों से शिकायत करना चाहेंगे तो उनके लिए रेल मदद वेबसाइट डिजाइन कर दी है है। साथ ही रेल मदद एप भी लांच कर दिया है। रेलवे ने ये दोनों विकल्प यात्रियों की मांग पर दिए हैं।
पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर जोन की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका दीक्षित ने बताया कि भारतीय रेल ने रेलवे से जुड़े सभी हेल्पलाइन नंबरों और सिस्टमों को एकीकृत कर दिया है। 139 पर सभी सुविधाओं के बारे में जानकारी लेने के विकल्प को जोड़ा गया है। साथ ही रेल मदद वेबसाइट व रेल मदद एप भी विकसित किए हैं। यात्री रेल मदद एप अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर रेलवे सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
यात्री इन सेवाओं से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे
रेल सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, दुर्घटना, ट्रेन परिचालन, स्टेशनों पर यात्री सुविधा, सतर्कता जानकारी, वाणिज्य सेवा, सामान्य पूछताछ, ट्रेनों के जरिए एक से दूसरे स्टेशनों के लिए भेजे गए सामान को ट्रैक करने से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं। साथ ही इन विषयों से जुड़ी समस्याओं की शिकायतें भी कर सकते हैं।