
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया.भोपाल। उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ में सुरक्षा व्यवस्था के लिए राज्य सरकार ने पहले चरण में 900 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस राशि से पुलिस के लिए अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण और वाहन खरीदे जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से एंटी ड्रोन टेक्नोलाजी, बम डिटेक्शन एवं डिस्पोजल उपकरण, एक्सप्लोसिव डिटेक्शन बैगेज स्कैनर और मोबाइल बैगेज स्कैनर शामिल हैं।
सिंहस्थ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस इस बार तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर रही है। भीड़ प्रबंधन और निगरानी के लिए आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
इसके लिए बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड यानी बीडीडीएस की 100 टीमें बनाई जाएंगी। इनमें से कुछ टीमें उज्जैन के आसपास के जिलों में भी तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में उन्हें तत्काल मौके पर भेजा जा सके। आसपास के जिलों में तैनात करने का कारण यह भी है कि उज्जैन में भीड़ बढ़ने पर पड़ोसी जिलों में वाहनों को रोका जाएगा, इसलिए वहां भी सुरक्षा प्रबंध बढ़ाए जाएंगे।
इसके अलावा मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए कंट्रोल एंड कमांड सेंटर बनाए जाएंगे। इनके माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी और भीड़ प्रबंधन किया जाएगा। एक कमांड सेंटर से दूसरे कमांड सेंटर तक पुलिसकर्मियों को पहुंचाने के लिए वाहन भी खरीदे जाएंगे।
श्रद्धालुओं के सामान और संदिग्ध बैग की जांच के लिए एक्सप्लोसिव डिटेक्शन बैगेज स्कैनर के साथ मोबाइल बैगेज स्कैनर की भी खरीदी होगी। इससे मेला क्षेत्र में प्रवेश के समय ही सामान की जांच हो सकेगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।
सिंहस्थ के संवेदनशील क्षेत्रों में अनधिकृत ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम खरीदे जाएंगे। इनकी मदद से प्रतिबंधित क्षेत्र में उड़ने वाले ड्रोन का पता लगाने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें निष्क्रिय भी किया जा सकेगा। वहीं, मेला क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा संबंधी गतिविधियों के लिए पुलिस अपने ड्रोन भी खरीदेगी।
एंटी ड्रोन टेक्नोलाजी, कंट्रोल एवं कमांड सेंटर, वाहन, ड्रोन आदि की खरीदी सिंहस्थ के लिए की जानी है।
-तरुण नायक, डीआइजी, इंटेलिजेंस, पुलिस मुख्यालय