
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने यूनियन बजट 2026 (Union Budget 2026) पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट वैश्विक स्तर पर भारत की छवि को और बेहतर बनाने का मजबूत रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि बजट में हर वर्ग और हर प्रांत का संतुलित रूप से ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र, विशेषकर एमएसएमई के लिए इस बजट में व्यापक संभावनाएं हैं। ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने और फार्मा सेक्टर में प्रशिक्षण को प्रोत्साहन देने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नवाचार आधारित उद्यमिता को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रोफेशनल कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल निर्माण और मेट्रोपॉलिटन सिटी क्षेत्रों में विकास कार्यों पर विशेष फोकस किया गया है। शहरी विकास के लिहाज से यह बजट लाभकारी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास से शहर आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे और निवेशकों का विश्वास कायम रहेगा। वित्तीय संस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
कैंसर को बड़ी चुनौती बताते हुए उन्होंने मेडिकल कॉलेज खोलने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही कहा कि भारत अन्य देशों की तरह दबाव में नहीं आता और राज्य की जीडीपी बढ़ाकर आर्थिक मजबूती की दिशा में काम किया जा रहा है।