जेल में बंद बेटे की मौत पर दूसरे दिन भी हंगामा; भोपाल में चौराहे पर शव रखकर दो घंटे चक्काजाम
शनिवार को बागसेवनिया चौराहे पर दोपहर 12 से 2 बजे तक शव रखकर चक्काजाम किया और जेल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 08:34:23 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 08:34:23 AM (IST)
शनिवार को बागसेवनिया चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। नईदुनिया।HighLights
- भोपाल में जेल में बंद लूट के आरोपित हर्षित राजपूत की मौत
- बागसेवनिया चौराहे पर स्वजन ने लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन किया
- आर्थिक सहायता, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और न्यायिक जांच की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जेल में बंद लूट के आरोपित हर्षित राजपूत की मौत के मामले में जेल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वजन ने शनिवार को बागसेवनिया चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चले प्रदर्शन में परिवार ने प्रशासन के सामने तीन सूत्रीय मांगें रखीं। मांगों पर सहमति और आश्वासन के बाद स्वजन ने प्रदर्शन समाप्त कर मृतक का अंतिम संस्कार किया।
सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद की मांग
परिवार ने मृतक के स्वजन को आर्थिक सहायता देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की। हालांकि, हर्षित की न्यायिक अभिरक्षा में मौत के मामले में न्यायिक जांच पहले ही शुरू हो चुकी है। स्वजन का आरोप है कि जेल में तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसे बेहतर उपचार नहीं मिला। इसी लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई।
प्रदर्शन के बाद किया अंतिम संस्कार
शुक्रवार को भी स्वजन हमीदिया अस्पताल से शव स्ट्रेचर पर रखकर करीब तीन किलोमीटर पैदल चलते हुए पॉलिटेक्निक चौराहे पहुंचे थे और सीएम हाउस के सामने प्रदर्शन किया था। इसके बाद शनिवार को फिर शव लेकर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी थी।
मांगों को लेकर लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन के बाद परिवार ने हर्षित का अंतिम संस्कार किया।