
Madhya Pradesh Lok Sabha Election 2024: नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि है कि कांग्रेस के परिवारवाद व जातिवाद के किले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास की लहर के सामने ढह गए हैं। वर्ष 2014 में मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले देश की क्या हालत थी? भाजपा और प्रधानमंत्री ने कैसे देश और प्रदेश को उस विकट परिस्थिति से निकालकर देश-प्रदेश का कायाकल्प किया।
नव मतदाताओं के लिए यह जान लेना जरूरी है। शर्मा ने सागर में नवमतदाता सम्मेलन, नरयावली में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता बैठक एवं बंडा में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। सागर में सम्मेलन को यहां के सांसद राजबहादुर सिंह, पार्टी की प्रदेश मंत्री व लोकसभा प्रत्याशी लता वानखेड़े व अन्य ने भी संबोधित किया।
विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक देश पर शासन किया, लेकिन 2014 से पहले जब कोई भारतीय विदेश जाता था, या वहां से कोई प्रतिनिधिमंडल भारत के दौरे पर आता था, तो पता चलता था कि भारत को दुनिया में एक भ्रष्टाचारी देश के रूप में जाना जाता है। न देश सुरक्षित था और न उसकी सीमाएं। आए दिन कहीं पर भी आतंकवादी हमले या विस्फोट होते थे। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद क्या कभी सुना है कि कहीं पर विस्फोट या आतंकवादी हमला हुआ है? हमारी सेना आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारने से भी नहीं चूकती।

कांग्रेस और सहयोगियों ने संसद में कहा था कि अगर धारा 370 हटी, तो देश टूट जाएगा, कश्मीर जल जाएगा, लेकिन न देश टूटा और न कश्मीर जला। एक झटके में धारा 370 हटा दी गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी ने दुनिया में भारत की छवि को बदल दिया है। हमारे प्रधानमंत्री जब किसी देश के दौरे पर जाते हैं, तो चाहे वह हम पर सैकड़ों सालों तक शासन करने वाला ब्रिटेन हो, या मोदी जी को वीजा न देने वाला अमेरिका वहां उनके स्वागत में लाल कालीन बिछाए जाते हैं।
मोदी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है। इस दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैँ। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दिग्विजयसिंह समेत तमाम नेताओं ने ठुकराया था। राम का अपमान करने वालों को उखाड़ फेंकिए।