
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिले के रहवासी इलाके में संचालित की जा रही शराब दुकानों को जमकर विरोध किया जा रहा है। इसके बाद भी खुलेआम संचालन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
शराब दुकान का लंबे समय से लोग विरोध
इसी बीच ईंटखेड़ी में भैंरोपुरा गांव की सड़क पर स्थित शराब दुकान का लंबे समय से लोग विरोध कर रहे हैं। कलेक्टर, पंचायत, थाना में ज्ञापन तक दिया है, लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। इसी बीच जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट सोमवार को खुद धरने पर बैठ गए और हटाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ईंटखेड़ी इलाके के भैंरोपुरा गांव की सड़क पर स्थित शराब दुकान लंबे समय से संचालित की जा रही है। यहां पर शाम से देर रात तक असामाजिक तत्वों का जमघट लगा रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह शराब दुकान भैंरोपुरा, कल्याणपुरा और खामखेड़ा जाने वाले रास्ते पर है। दुकान के सामने ही लोग बैठकर शराब पीते हैं, जिससे आने-जाने वालों, खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है।
इसी के चलते सोमवार को ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और वह सड़कों पर उतर आए। इतना ही नहीं, लोगों ने टेंट लगाकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया और शटर बंद करवा दिया गया।
शहर में इन दुकानों का किया जा रहा है विरोध
अवधपुरी - ऋषिपुरम 80 फीट रोड
पेट्रोल पंप के पास शराब दुकान के खिलाफ रोज सुंदरकांड पाठ हो रहा है। रहवासियों का कहना है कि दुकान के कारण इलाके का माहौल बिगड़ रहा है और आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं।
सेमराकलां - विजय नगर सांईराम कॉलोनी
यहां के लोग एक साल से दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं। अब टेंट लगाकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया गया है। वे हर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में होने वाली 54 जनसुनवाई में भी जा चुके हैं। कुछ दिन पहले यहां विवाद भी हो चुका है।
कोलार रोड (मंदाकिनी चौराहा)
रहवासी इलाके और जैन मंदिर के पास दुकान शिफ्ट होने से विरोध तेज हो गया है। लोगों का कहना है कि पहले यह दुकान सर्वधर्म इलाके में थी, जिसे अब मंदाकिनी चौराहे पर शिफ्ट कर दिया गया है। इसके ठीक पीछे जैन मंदिर और रहवासी इलाका है।
पालिटेक्निक चौराहा
प्रोफेसर कॉलोनी के पास दुकान के खिलाफ छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी प्रदर्शन कर चुका है।
यह भी पढ़ें- MP कांग्रेस में 'सफाई अभियान', 15 अप्रैल से जिला अध्यक्षों का टेस्ट; परफॉर्मेंस खराब तो जाएगी कुर्सी