
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरसिया तहसील के ग्राम कड़ैयाशाह में पारधी समाज के एक परिवार ने शुक्रवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को ज्ञापन देते हुए पुलिस और ग्रामीणों पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। आरोप है कि 14 वर्षीय बेटी की मौत के बाद धार्मिक परंपरा निभाने पहुंचे स्वजनों पर हमला किया गया और करीब 20 वर्षीय बेटे राजीव को जबरन उठा ले गए। मामले में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने 27 नवंबर को जांच के आदेश दिए हैं।
शिकायतकर्ता कृष्णा बाई के अनुसार, कुछ महीने पहले उनकी नाबालिग बेटी के साथ दुर्व्यवहार हुआ था। इसकी शिकायत पुलिस से करने पर न्याय दिलाने के बजाय उसे डराया-धमकाया गया। आरोप है कि किशोरी को रातभर थाने में रखने के बाद छोड़ दिया गया। इसके बाद मां-बेटी राजस्थान चली गईं, जहां तनाव और खाना-पीना छोड़ने के कारण किशोरी की मौत हो गई।
परिवार के मुताबिक, बेटी की मौत के बाद वे अस्थि संबंधी धार्मिक कार्यक्रम के लिए कड़ैयाशाह पहुंचे थे। इसी दौरान एसआई कौरव, पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने लाठियों से हमला किया। गर्भवती महिला के पेट में डंडा मारने और राजीव को जबरन ले जाने का आरोप भी लगाया गया है। स्वजनों को आशंका है कि राजीव की हत्या कर दी गई या उसका अपहरण हुआ है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 24 अधिकारियों का प्रमोशन कैंसिल, 3 महीने बाद पशु चिकित्सकों के पदोन्नति आदेश वापस लिए
थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी के अनुसार, पांच एकड़ जमीन कृष्णा बाई के ससुर तीन साल पहले सात लाख रुपये में बेच चुके हैं। परिवार इसी जमीन पर अस्थि दफनाने पहुंचा था। जमीन मालिकों और परिवार के बीच विवाद हुआ। पुलिस सूचना पर पहुंची और कानून-व्यवस्था संभालने के लिए भीड़ को हटाया है।