भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को राजधानी के मिंटो हॉल में टोक्यो ओलिंपिक 2020 के पदक विजेता ओलिंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने विवेक सागर को एक करोड़ रुपये और मध्य प्रदेश पुलिस में डीएसपी का पद देने की घोषणा की। सीएम शिवराज ने यह भी कहा कि विवेक की माता जी जहां कहेंगी वहां उन्हें पक्का मकान बनवाकर देंगे। विवेक सागर के माता-पिता और भाई व बहन भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे, विवेक के कहने पर मंच पर बुलाकर उनका भी सम्मान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने की। कार्यक्रम में भारतीय निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह को ओलिंपिक में भाग लेने पर 10 लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया। ऐश्वर्य प्रताप मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के निवासी हैं। भारतीय हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक शिवेन्द्र सिंह को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया और 25 लाख रुपये की घोषणा की। इसके अलावा अशोक ध्यानचंद, पैरा कयाकिंग खिलाड़ी प्राची यादव एवं शरद कुमार को भी शॉल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री श्री @ChouhanShivraj, मिंटो हॉल में टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में शामिल हो रहे हैं। https://t.co/8RJRdEbsbP
— CMO Madhya Pradesh (@CMMadhyaPradesh) August 12, 2021
उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य के रूप में शामिल विवेक सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने अर्जेंटीना के खिलाफ खेले गए मैच में एक शानदार गोल करते हुए टीम को जिताने में अहम भूमिका अदा की थी। इसके फलस्वरूप भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकी। ओलम्पिक में भारतीय पुरूष हॉकी टीम 41 साल बाद कांस्य पदक जीतकर लौटी है।