
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ ने मंडल संवर्ग के वरिष्ठ व पात्र सहायक अभियंताओं को कार्यपालन यंत्री का चालू प्रभार देने की मांग की है। संघ ने इस संबंध में मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक को अभ्यावेदन सौंपकर 9 जून 2011 के मंत्रिपरिषद के निर्णय/परिपत्र के प्रावधानों का पालन कराने का अनुरोध किया है। संघ के अनुसार उक्त निर्णय के तहत मंडल संवर्ग के लिए कार्यपालन यंत्री के 115 पद आरक्षित हैं।
इनमें वर्तमान में 21 अधिकारी नियमित पदोन्नत हैं, जबकि सात अधिकारी चालू प्रभार पर कार्यरत हैं। संघ का कहना है कि शेष आरक्षित पदों पर कंपनी संवर्ग के अधिकारियों को अवसर दिए जाने से मंडल संवर्ग के अधिकारियों के लिए निर्धारित पदों का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।
अभ्यावेदन में कहा गया है कि मंडल संवर्ग के कई अभियंता वर्ष 1989 से कनिष्ठ यंत्री के पद पर कार्यरत हैं और करीब 35 से 37 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लिए बड़ा अपडेट: विभागीय TET का रास्ता साफ, साल में तीन बार परीक्षा की तैयारी
इसके बावजूद अनेक अधिकारियों को केवल एक नियमित पदोन्नति ही मिल सकी है। संघ ने मांग की है कि आरक्षित रिक्त पदों पर वरिष्ठता, अनुभव और पात्रता के आधार पर मंडल संवर्ग के सहायक अभियंताओं को कार्यपालन यंत्री का चालू प्रभार दिया जाए।