
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नगर निगम का नया मुख्यालय अटल भवन उद्घाटन के डेढ़ माह के भीतर ही सवालों के घेरे में आ गया है। करीब 72 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आठ मंजिला भवन के बेसमेंट में पहली ही बारिश के दौरान कई स्थानों से पानी टपकने लगा है। बेसमेंट की छत और बीमों से रिसते पानी ने निर्माण की गुणवत्ता और वॉटरप्रूफिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिनके ऊपर भवन के वाशरूम बने हुए
सबसे ज्यादा रिसाव उन स्थानों पर नजर आया, जिनके ऊपर भवन के वाशरूम बने हुए हैं। यहां छत से लगातार पानी टपक रहा है और बीमों के किनारों पर नमी साफ देखी जा सकती है। भवन के बेसमेंट में ही कर्मचारियों और अधिकारियों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ऐसे में लगातार हो रहे रिसाव से भविष्य में और परेशानियां बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि 7 मई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अटल भवन का लोकार्पण किया था। उस समय इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त, ऊर्जा दक्ष और ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर आधारित भवन बताया गया था। भवन के लोकार्पण के महज डेढ़ माह बाद ही बेसमेंट में पानी टपकने की समस्या सामने आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और वॉटरप्रूफिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बेसमेंट में की गई है दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था
अटल भवन में निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों के दोपहिया वाहनों के लिए बेसमेंट पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लगातार हो रहे रिसाव से जहां पार्किंग में खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचने की आशंका है, वहीं भविष्य में भवन की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई हैं।
33 करोड़ से बढ़कर 72 करोड़ हुई भवन की लागत
गौरतलब है कि नगर निगम का नया मुख्यालय निर्माण के दौरान भी कई कारणों से चर्चा में रहा था। शुरुआत में भवन की अनुमानित लागत लगभग 33.27 करोड़ रुपये तय की गई थी, जो बढ़कर पहले करीब 43 करोड़ रुपये तक पहुंची। निर्माण में बदलाव, अतिरिक्त कार्यों तथा देरी के कारण इसकी अंतिम लागत लगभग 72 करोड़ रुपये बताई गई। इतना ही नहीं, निगम परिषद की बैठक के लिए आवश्यक सभाकक्ष नहीं होने पर भी निगम को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
इनका क्या कहना है
निगम मुख्यालय के नए भवन के बेसमेंट में बारिश के समय पानी का रिसाव दिखने पर उसकी जांच कराई थी। यदि वाशरूम के नीचे वाले हिस्से में भी पानी टपक रहा है तो इसे दिखवाकर सही कराया जाएगा।
- संस्कृति जैन, आयुक्त, नगर निगम
यह भी पढ़ें- एमपी में UCC का इंतजार खत्म! इसी मानसून सत्र में आ सकता है विधेयक, 22 जून को भोपाल में महाबैठक