
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्णब आंध्र प्रदेश में प्रवेश कर गया है, यह सिस्टम अगले छह घंटों में कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा। गुरुवार को इसका व्यापक असर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा, जिसके बाद यह उत्तर प्रदेश की तरफ शिफ्ट हो जाएगा। बदलते मौसम के मद्देनजर मौसम विज्ञान केंद्र ने सिंगरौली, सीधी और मऊगंज जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अति भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट और मैहर में भारी वर्षा के आसार जताए गए हैं। वहीं राजधानी भोपाल, विदिशा और रायसेन समेत 28 जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज वर्षा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बुधवार को सतना और उमरिया में एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जबकि शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि पूर्वी और मध्य मप्र में बादल छाए और कहीं-कहीं तेज हवाएं चलीं। बादलों की आवाजाही से सुबह और शाम के तापमान में हल्की गिरावट आई है।
नर्मदापुरम का पचमढ़ी 25.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ दिन में सबसे ठंडा रहा, जबकि रात के पारे में मैदानी इलाकों में धार 11.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द रहा। इसके विपरीत, निमाड़ के खंडवा में अधिकतम पारा 34.5 डिग्री और खरगोन में 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल में सुबह हल्की ठंड के बाद दोपहर में अचानक मौसम बदला और 18 किलोमीटर की तरफ से हवाएं चलीं। इसके साथ ही देखते ही देखते आसमान पर बादल छा गए। मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि पूर्वी इलाकों में छाए बादलों के कारण रात के तापमान में कहीं-कहीं छह डिग्री तक की बढोतरी हुई है। दिन के तापमान में अधिकांश जगह सामान्य से कम रहे। राजधानी के आसमान पर छाए बादलों की वजह से दिन के तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट हुई। रात के तापमान में सामान्य रहा।