
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में मौसम के दोहरे तेवर देखने को मिल रहे हैं। दिन में तीखी धूप और उमस पसीने छुड़ा रही है, तो सूरज ढलते ही फिजा में घुली हल्की ठंडक लोगों को राहत का अहसास करा रही है।
दरअसल दिन और रात के पारे में आ रहे इस बड़े अंतर से साफ नजर आ रहा है कि प्रदेश में मौसमी मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में जहां पारा 34 डिग्री के पार जा रहा है, वहीं रात का तापमान गिरकर 13 डिग्री तक सिमटने से ठंड ने अपनी आमद दर्ज करा दी है।
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार को रतलाम सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा छतरपुर जिले के खजुराहो में 34.3 डिग्री, खंडवा में 34.1 डिग्री और उज्जैन, रायसेन और राजगढ़ में पारा 34.0 डिग्री सेल्सियस पर रिकार्ड किया गया।
दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में गिरावट होना शुरू हो गई है। नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में न्यूनतम पारा लुढ़ककर 13.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके साथ ही दमोह में रात का तापमान 14.5 डिग्री, उमरिया व रीवा में 15.8 डिग्री और जबलपुर में 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
यह भी पढ़ें- भोपाल एयरपोर्ट रोड पर हादसा, गाय को बचाने के प्रयास में ब्रिज की दीवार तोड़कर 20 फीट नीचे गिरा ट्राला, 3 घायल
राजधानी भोपाल में तीखी धूप निकली और अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि आने वाले दिनों में हवा का रुख बदलने से रात के तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे ठंड का असर और गहराएगा।
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 33.2 | 18.2 |
| इंदौर | 32.8 | 18.6 |
| ग्वालियर | 33.5 | 18.1 |
| जबलपुर | 31.9 | 16.2 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में