
बैरागढ़ (भोपाल)। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। ताजा मामले में दिग्विजय सिंह ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के लिए मुर्दाबाद के नारे लगा दिए। इससे बैरागढ़ के कार्यकर्ता नाराज हो गए।
जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक कार्यक्रम के लिए बैरागढ़ पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे नरेश ज्ञानचंदानी को मंच पर बुलाया और उनकी तारीफ की। इसी दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि कई लोगों ने नरेश को जिताने के लिए काफी मेहनत की, लेकिन कई कार्यकर्ताओं ने उनके विरोध में काम किया। पक्ष में काम करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ता जिंदाबाद, विरोध में काम करने वाले कांग्रेसी कार्यकर्ता मुर्दाबाद। गौरतलब है कि नरेश ज्ञानचंदानी के सामने हुजूर सीट से रामेश्वर शर्मा ने चुनाव लड़ा था।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिन कांग्रेस नेताओं ने काम नहीं किया वो मुर्दाबाद। बैरागढ़ में कांग्रेसी कार्यकर्ता 2 घंटे तक दिग्विजय सिंह के स्वागत के लिए इंतजार करते रहें, लेकिन दिग्विजयिंह द्वारा कांग्रेसी कार्यकर्ता मुर्दाबाद के नारे लगाए जाने से यहां के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है।