
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग स्टेडियम स्थित हाउसिंग बोर्ड के 600 ईडब्ल्यूएस जनता क्वार्टर में रहने वाले सैकड़ों परिवारों के सामने दोहरी मुसीबत खड़ी हो गई है। एक तरफ सिर से छत छिनने की तलवार लटक रही है, तो दूसरी तरफ बच्चों की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी और कम आमदनी ने उनकी नींद उड़ा दी है।
पुनर्विकास योजना के तहत इन क्वॉर्टरों को तोड़कर बहुमंजिला इमारत बनाई जानी है। इसके लिए 13 नवंबर तक मकान खाली करने की अंतिम तिथि थी और 14 नवंबर को बुलडोजर चलना था। ऐन वक्त पर कार्रवाई टलने से रहवासियों को कुछ दिनों की राहत जरूर मिली है, लेकिन दस्तावेज नहीं होने के कारण 490 परिवारों के सामने बिना किसी सरकारी सहायता के सड़क पर आने का संकट गहरा गया है।
रविवार को जब नवदुनिया की टीम मौके पर पहुंची, तब लोगों के चेहरों पर भविष्य की चिंता साफ नजर आई। स्थानीय लोग बताते हैं कि पहले ही गरीबी में गुजर-बसर कर रहे हैं। उनको यहां से बेदखल करने से पहले प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी, लेकिन बिना व्यवस्था के बेदखल किया जा रहा है, जो गलत है।
जनता क्वार्टर में रहने वाली तीन महिलाओं ने बेदखली के डर के चलते 12 नवंबर को जहर खा लिया था। इसके बाद महिलाओं को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद महिलाएं सुरक्षित हैं, लेकिन आज भी जो लोग यहां रहते हैं उनके माथे पर चिंता की लकीरें साफ नजर आ रही हैं।
इन 600 क्वार्टरों में से केवल 110 परिवारों के ही दस्तावेज हाउसिंग बोर्ड को प्राप्त हुए हैं, जिन्हें बोर्ड अन्य जगह रहने के लिए किराया देगा। शेष 490 परिवारों के पास दस्तावेज नहीं होने से उन्हें खाली करने के बाद कोई मदद नहीं मिलेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों की जाएगी नौकरी, होंगी नियमित भर्तियां, मार्च 2027 तक हटाने के निर्देश
हाउसिंग बोर्ड पूर्व में नोटिस देने और बैनर-पोस्टर लगाने के बाद अब आवास खाली करने के लिए मुनादी करवा रहा है। इसी दौरान आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुनादी कर रहे एक आटो के कांच तोड़ दिए थे।
बच्चों का स्कूल यहीं पास में है और अब बोर्ड के पेपर शुरू होने वाले हैं। घर की आमदनी इतनी नहीं है कि हम बाहर किराये का मकान ले सकें। अगर अचानक घर तुड़वा दिया गया, तो बच्चों की पढ़ाई और परिवार को लेकर हम कहां जाएंगे।- फरा खान, स्थानीय रहवासी
पिछले 50 साल से यहां रह रहे हैं। हाउसिंग बोर्ड पहले रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करे, उसके बाद ही आवास खाली कराए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो आवास खाली नहीं करेंगे।- शकुंतला देवी, स्थानीय रहवासी
12 साल पहले शादी करके यहां आए थे। यह हमारा मकान है। हमारे पास रहने के लिए दूसरी कोई व्यवस्था नहीं है। किराये का मकान लेकर रहेंगे तो खाएंगे क्या?- राधा सिंह, स्थानीय रहवासी
हम मुफ्त में मकान नहीं मांग रहे, हॉउसिंग बोर्ड हमसे किस्त ले और आवास या प्लाट मुहैया कराए। आवास तभी खाली करेंगे, जब हमारे रहने के लिए बोर्ड कुछ व्यवस्था करे।- मुन्नी बी, स्थानीय रहवासी
नगर निगम जनता क्वार्टर को 10 साल पहले ही जर्जर घोषित कर चुका है, इसलिए इन्हें तोड़ा जाना आवश्यक है। सहमति देने वाले 110 वैध आवंटियों को किराया और रीडवलपमेंट के बाद 20 प्रतिशत अतिरिक्त बड़ा आवास दिया जाएगा। नई योजना में करीब 1200 से अधिक ईडब्ल्यूएस आवास बनाए जाएंगे।- गौतम सिंह, कमिश्नर, हाउसिंग बोर्ड