अब भोपाल रेलवे स्टेशन पर एक साथ नहीं परोसा जाएगा शाकाहारी व मांसाहारी भोजन
रेलवे ने स्टेशन पर अलग से चालू कराया मांसाहारी रेस्टोरेंट, अभी तक एक साथ संचालित होते थे।
By Nai Dunia News Network
Edited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Thu, 20 Aug 2020 04:11:23 AM (IST)
Updated Date: Thu, 20 Aug 2020 05:32:08 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। भोपाल रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को शाकाहारी व मांसाहारी भोजन अलग-अलग परोसा जाएगा। रेलवे ने स्टेशन पर एक साथ संचालित दोनों रेस्टोरेंट को अलग-अलग कर दिया है। शाकाहारी भोजन करने वाले यात्रियों को परेशानी नहीं होगी। पहले रेस्टोरेंट एक था और उसी में शाकाहारी व मांसाहारी भोजन तैयार होता था और कुछ यात्री एक ही जगह भोजन भी करते थे।
भोजन बनाने की व्यवस्था भी एक ही जगह थी। इस बात से शाकाहारी भोजन करने वाले यात्री नाराज थे। वे कई बार अपनी आपत्ति भी दर्ज करा चुके थे। इसे देखते हुए रेलवे ने रेस्टोरेंट में अलग-अलग व्यवस्था करने का दावा किया है। अभी रेस्टोरेंट में कोरोना संक्रमण को देखते हुए कुछ भी बनाने के निर्देश नहीं हैं, केवल पूर्व से तैयार खानपान सामग्री ही बेची जा रही है। भोजन तैयार नहीं किया जा रहा है।
भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म-1 पर रेलवे रेस्टोरेंट है, जो कोरोना संक्रमण के पहले करीब छह माह से बंद था। टेंडर खत्म होने के कारण उसे बंद करना पड़ा था। तब यात्रियों को परेशानी भी हुई थी। उसी रेस्टोरेंट में दोनों तरह का भोजन एक जगह तैयार होता था। अब रेस्टोरेंट नई व्यवस्था के साथ दोबारा चालू कर दिया है।
रेल मंडल के प्रवक्ता आईए सिद्दीकी ने बताया कि जब भोजन बनाने की अनुमति मिल जाएगी, तब दोनों तरह का भोजन अलग-अलग ही तैयार होगा और परोसा भी जाएगा। बता दें कि इटारसी रेलवे स्टेशन पर भी दोनों तरह के भोजन की व्यवस्था है, लेकिन वहां शाकाहारी और मांसाहारी रेस्टोरेंट अलग-अलग संचालित होता है।