नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। शहर के गणपति थाना क्षेत्र के आलमगंज स्थित हनुमान साइजिंग टेक्सटाइल फैक्ट्री में शुक्रवार रात नौ बजे के आसपास अचानक आग भड़क गई।
आग की लपटें देख आसपास के रहवासी वहां पहुंचने लगे। लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया।
करीब आधे घंटे बाद पुलिस व नगर निगम का अग्नि शमन दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाना शुरू किया। आलमगंज क्षेत्र की गलियां काफी संकरी हैं जिससे दमकल को पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग बुझाने के लिए एक दर्जन से अधिक फायर वाहन पहुंचे। नगर निगम के अलावा नगर पालिका नेपानगर, नगर परिषद शाहपुर के वाहन भी आग बुझाने में जुट गए।
फिलहाल आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। माना जा रहा है दीपावली के पटाखों के कारण बंद पड़ी टेक्सटाइल फैक्ट्री में आग लगी होगी। जब फैक्ट्री में आग लगी तब वहां कोई कर्मचारी नहीं था।
पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने एहतियातन फैक्ट्री से लगे मकानों को खाली करा लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक साल पहले भी इस फैक्ट्री में आग लगी थी।
तभी प्रशासन से इस फैक्ट्री को यहां से शिफ्ट करने की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।
इस घटना से सबक लेते हुए जिला प्रशासन को घनी आबादी से फैक्ट्री को शिफ्ट करना चाहिए। जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन आग लगने के के करण की जांच करने की बात कह रहा है।