नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। मंगलवार देर शाम शाहपुर थाना क्षेत्र के खामनी और रायगांव के बीच मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। जिससे एक वृद्ध महिला मजदूर अमीना पत्नी मोहम्मद 60 वर्ष की मौत हो गई, जबकि 14 घायल हैं।
घायलों में से तीन को मामूली चोट आने के कारण स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। शेष 11 महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार गोविंद रावत जिला अस्पताल पहुंचे और सभी घायलों का उपचार शुरू कराया। अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार मृतक और सभी घायल महिलाएं फोपनार की रहने वाली हैं।
सुबह वे पास के गांव खामनी खेत में मजदूरी करने गई थीं। शाम छह बजे के आसपास ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर घर लौट रही थीं।
गांव से कुछ दूर पहले अचानक एक बाइक सवार ट्रैक्टर के सामने आ गया। इसे बचाने के प्रयास में चालक ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा और ट्राली पलट गई।
इस दुर्घटना में जो महिलाएं घायल हुई हैं, उनमें रुखसाना पत्नी अमीन, 35 वर्ष, फातिमा पत्नी आरिफ 35 वर्ष, नसीबा पत्नी हमीद 35 वर्ष, रूबीना पत्नी सलीम 30 वर्ष, आसमा पत्नी इफ्तजिा 25 वर्ष, फरीना पत्नी कय्यूम 30 वर्ष, फरीदा पत्नी शरीफ 25 वर्ष, अमीना पत्नी रमजान 30 वर्ष, मर्जबीन पत्नी महमूद 25 वर्ष, हमीदा पत्नी हबीब 30 वर्ष और सरिका पुत्री फरीद 17 वर्ष शामिल हैं। इनमें से पांच महिलाओं को ज्यादा चोट आने पर देर शाम निजी अस्पताल भेजा गया है।