बुरहानपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मुंबई में बीते दो दिन से जारी भारी बारिश का असर यात्री ट्रेनों पर भी पड़ा है। कई जगह रेल ट्रैक में पानी भर जाने के कारण रविवार को मुंबई से चलकर यूपी और बिहार समेत अन्य राज्यों को जाने वाली सात से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित रहीं।
इनमें से कुछ ट्रेनें आठ से दस घंटे की देरी से बुरहानपुर स्टेशन पहुंचीं। ट्रेनों के लेट होने के कारण बुरहानपुर, खंडवा समेत अन्य स्टेशनों में यात्री परेशान हुए। रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के पास दिनभर ट्रेनों की स्थिति जानने के लिए यात्रियों के फोन कॉल आते रहे। अधिकारी उन्हें बारिश के कारण ट्रेनें देरी से चलने की जानकारी देते रहे, लेकिन ट्रेन कब तक पहुंचेगी इसकी पुख्ता जानकारी नहीं दे पा रहे थे। घंटों परेशान होने के बाद कई यात्रियों को आरक्षण रद्द करा अपनी यात्रा तक स्थगित करनी पड़ी। स्टेशन प्रबंधक विनय मेहता ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि मुंबई से चलकर सुबह करीब सवा आठ बजे बुरहानपुर पहुंचने वाली महानगरी एक्सप्रेस शाम साढ़े चार बजे तक नहीं पहुंची थी। इसके बाद थोड़े-थोड़े अंतराल से आने वाली तुलसी एक्सप्रेस, काशी, भागलपुर, पुष्पक, पवन और कामानयनी एक्सप्रेस भी देरी से चल रही हैं। जानकारों के मुताबिक रविवार को ट्रेनों की अनिश्चितता के कारण पचास से ज्यादा आरक्षित टिकटें रद्द कराई गई हैं। हालांकि उत्तरप्रदेश और बिहार से चलकर मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनें निर्धारित समय पर चलीं। अधिकारियों के मुताबिक देर शाम तक महानगरी और इसके बाद अन्य ट्रेनों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सूत्रों का कहना है कि यदि बारिश लगातार जारी रही तो एक दो दिन और ट्रेनें प्रभावित रह सकती हैं। रेलवे द्वारा कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया जा सकता है।