Burhanpur News: रायगांव के पास छह मोरों की मौत, एक का चल रहा इलाज
वन विभाग को अंदेशा है कि मोरों की मौत खेत में बोए गए उपचारित बीज खाने से हुई होगी।
By Navodit Saktawat
Edited By: Navodit Saktawat
Publish Date: Sun, 25 Feb 2024 12:48:33 PM (IST)
Updated Date: Sun, 25 Feb 2024 12:48:33 PM (IST)
HighLights
- - जंगल से लगे खेत के बीज खाने से मोरों की मौत अंदेशा, पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा
- - इलाज के दौरान दो और मोरों की मृत्यु हो गई। शेष बचे एक मोर का इलाज
- - मृत मोरों का पोस्ट मार्टम डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम ने किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। वन मंडल बुरहानपुर के परिक्षेत्र बोदरली से लगे ग्राम रायगांव में राष्ट्रीय पक्षी मोरों की मौत का मामला सामने आया है। किसान के खेत के पास तीन मोर बेहोश और चार मृत अवस्था में पाए गए थे। इन्हें तत्काल वन कर्मियों द्वारा अपने कब्जे में लेकर पशु चिकित्सकों को परीक्षण के लिए बुलाया गया।
इलाज के दौरान दो और मोरों की मृत्यु हो गई। शेष बचे एक मोर का इलाज चल रहा है। मृत मोरों का पोस्ट मार्टम डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम द्वारा किया गया है।
फॉरेंसिक जांच के लिए विसरा सैंपल सुरक्षित किया रखा गया है। पोस्ट मार्टम के उपरांत समस्त मृत मोरों को जला कर भस्मीकरण किया गया है।
वन विभाग को अंदेशा है कि मोरों की मौत खेत में बोए गए उपचारित बीज खाने से हुई होगी। इसकी पुष्टि जीवित बचे मोर के मुख से मिले बीज के आधार पर की गई है। हालांकि अंतिम रूप से पोस्ट मार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के उपरांत ही सही कारण का पता चल सकेगा।