Burhanpur News: बाइक की आपस में भिड़ंत से दो लोगों की मौत, एक महिला व युवक गंभीर घायल
खकनार थाना क्षेत्र के देड़तलाई मार्ग में सोमवार सुबह 11 बजे के आसपास बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई।
By Anurag Mishra
Edited By: Anurag Mishra
Publish Date: Mon, 31 Jul 2023 04:02:10 PM (IST)
Updated Date: Mon, 31 Jul 2023 04:02:10 PM (IST)
बाइक की आपस में भिड़ंत से दो लोगों की मौतबुरहानपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खकनार थाना क्षेत्र के देड़तलाई मार्ग में सोमवार सुबह 11 बजे के आसपास बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक में सवार एक महिला व युवक गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने बताया कि बसाली निवासी पवन पुत्र मांगीलाल गौतम (25) अपने मित्र पांगरी निवासी शिवा पुत्र श्रीराम मावस्कर (21) के साथ किसी काम से जा रहा था। दूसरी ओर से खंडवा जिले के खालवा क्षेत्र के जिरपा निवासी मन्नू पुत्र जबर सिंह मुजाल्दे पत्नी रदिमा के साथ बाइक से आ रहा था। वह महाराष्ट्र के सावदा में सालदारी का काम करता था।
दाहिंदा के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बाइक चला रहे पवन गौतम और मन्नू मुजाल्दे की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। शिवा और रिदमा को अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर मृतकों के स्वजन जिला अस्पताल पहुंच गए थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव स्वजन को सौंप दिए हैं।