
संदीप पारोहा, बुरहानपुर। लगातार गिर रहे जलस्तर और जिम्मेदार अफसरों की लापरवाही के कारण जिले के दूरस्थ आदिवासी फालियों से जलसंकट की डरावनी तस्वीरें सामने आ रही हैं। धूलकोट क्षेत्र के बाद अब ग्राम पंचायत मालवीर के जामठी गांव के दो फालियों पलासपानी और रामलाल फालिया से ये तस्वीरें सामने आई हैं।
यहां रहने वाले आदिवासी परिवारों की बच्चियां और महिलाएं पानी के लिए करीब दो किमी का पथरीला व खतरनाक रास्ता तय कर रोज पहाड़ी के पार जाती हैं।
वहां जमीन में खोदी गई झिरिया में एकत्र हुआ पानी लाती हैं, तब परिवार की प्यास बुझ पाती है। झिरिया में पानी समाप्त होने पर मजबूरी में छोटे तालाब का गंदा और बदबूदार पानी तक उन्हें पीना पड़ रहा है।
गांव की रूपली बाई, सुरमी बाई, रेव सिंग आदि का कहना है कि गांव के पचास परिवारों में करीब 200 लोग हैं। सरपंच व सचिव से पानी की व्यवस्था करने के लिए कई बार मिन्नतें कर चुके हैं, लेकिन वे पसीजते ही नहीं।
पहाड़ी चढ़ कर पानी लाते समय कई बार लोग गिर कर चोटिल भी हो चुके हैं। ज्ञात हो कि इससे पहले जिले के धूलकोट क्षेत्र से भी इसी तरह की तस्वीरें सामने आई थीं। कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर पंचायत ने टेंकर से पानी की आपूर्ति शुरू कराई थी।

जलसंकट को लेकर सोमवार को डोंगरगांव के भी करीब एक दर्जन ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत ट्यूबवेल खनन कर पाइप लाइन तो बिछाई गई थी, लेकिन ट्यूबवेल खराब होने से सप्लाई बंद है। सरपंच और सचिव से कई बार आग्रह करने के बाद भी उन्होंने ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने बताया कि काफी समय से ग्रामीण आपस में चंदा कर टेंकर से पानी बुला रहे हैं। कुछ लोग दूर खेतों में बने कुओं से पानी ला रहे हैं। शिकायत सुनने के बाद कलेक्टर हर्ष सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम पंचायत मालवीर से जानकारी लेता हूं। जो आदिवासी परिवार रामलाल फालिया और पलासपानी फालिया में रहते है वे वन भूमि पर तो नहीं रह रहे। यदि वन भूमि पर होंगे तो वहां कोई सरकारी कूप या स्ट्रक्चर बनाना संभव नहीं है। जनपद पंचायत द्वारा ग्राम पंचायत को निर्देश देकर टैंकरों से पानी की व्यवस्था कराई जाएगी।
- संजय सिंह, सीईओ जनपद पंचायत बुरहानपुर।