बुरहानपुर में पहले मां के चरणों में झुककर लिया आशीर्वाद, जाते समय मुकुट और छत्र ले गए बदमाश
इच्छादेवी माता मंदिर में शनिवार देर रात चोरी करने पहुंचे बदमाशों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हैरानी की बात यह है कि चोरी करने से पहले बदमाश...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 13 Sep 2026 05:58:25 PM (IST)Updated Date: Sun, 13 Sep 2026 05:58:25 PM (IST)
सीसीटीवी फुटेज में मां का आशीर्वाद लेता चोर। (वीडिय ग्रैब)HighLights
- प्रसिद्ध इच्छादेवी मंदिर में बदमाशों ने ताला तोड़कर की चोरी
- सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
- चोरी के बाद मंदिर से बाहर निकलते समय भी माता के चरणों में सिर झुकाया
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। इच्छादेवी माता मंदिर में शनिवार देर रात चोरी करने पहुंचे बदमाशों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हैरानी की बात यह है कि चोरी करने से पहले बदमाशों ने माता के पैर छुए और चोरी के बाद मंदिर से बाहर निकलते समय भी माता के चरणों में सिर झुकाया।
सीसीटीवी फुटेज में बदमाश बायां हाथ आगे बढ़ाकर माता के पैर पड़ते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वे मंदिर से चोरी किया सामान लेकर बाहर निकल गए। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब एक बजे तीन अज्ञात बदमाश मंदिर में पहुंचे। उन्होंने ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और चोरी का प्रयास किया। बदमाश एक मुकुट और एक छत्र निकालकर ले गए। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। सुबह पुजारी मंदिर खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद मंदिर समिति और पुलिस को सूचना दी गई।
दानपेटी पहले ही खाली कर दी थी
शाहपुर थाना टीआई अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मंदिर समिति द्वारा रोजाना की तरह दानपेटी पहले ही खाली कर दी गई थी। मंदिर की बहुमूल्य सामग्री भी सुरक्षित निकालकर रख दी गई थी। इसलिए चोरी में कोई कीमती सामग्री नहीं गई है। बदमाश जो मुकुट और छत्र ले गए हैं, वे भी बहुमूल्य नहीं हैं और पालिश किए हुए हैं।
सोने का मंगलसूत्र और नथ नहीं निकाल पाए
पुलिस के मुताबिक देवीजी के गले में सोने का मंगलसूत्र और नाक में सोने की लोंग थी, जिसे बदमाश निकाल नहीं पाए। फुटेज में बदमाश मुकुट निकालते और वापस जाते समय माता के चरणों में झुकते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। टीआई मिश्रा ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी कर मामले का राजफाश किया जाएगा।
... और इधर, धुलकोट में एक रात दो दुकानों में चोरी
नेपानगर। धुलकोट बस स्टैंड क्षेत्र में शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात दो दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने किराना दुकान का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद चुरा लिए। वहीं ज्वेलरी दुकान का ताला नहीं टूटने पर शटर उचकाकर अंदर प्रवेश किया और चांदी की अंगूठी सहित बैनटैक्स का हार लेकर फरार हो गए।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने दुकानों के शटर के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा। उन्होंने दुकान संचालकों को इसकी सूचना दी। किराना दुकान संचालक आनंद गंगराड़े मौके पर पहुंचे और सामान की जांच के बाद पुलिस को चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी कमल मोरे, प्रधान आरक्षक और आरक्षक मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों दुकानों का निरीक्षण कर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। इसमें देर रात चार से पांच नकाबपोश बदमाश दुकान के आसपास नजर आ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान और तलाश में जुटी है। एक ही रात दो दुकानों में चोरी से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। चौकी प्रभारी कमल मोरे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।