नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाइवे की महाराष्ट्र बार्डर पर स्थित एक ढाबे से ट्रक चालकों को अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बेचा जा रहा था। शाहपुर थाना पुलिस ने इसका राजफाश करते हुए देवा ढाबे से 34 किलो 430 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया है।
जिले में पहली बार अफीम के पौधे से निकलने वाले डोडा चूरा की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है। ढाबे की तलाशी में पुलिस को विभिन्न ब्रांडों की 64 लीटर शराब भी मिली है। जिससे पता चलता है कि देवा ढाबे में ट्रक चालकों व आसपास के लोगों को नशा कराने का पूरा प्रबंध था।
पुलिस ने ढाबा संचालक शुभम तोमर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपित से डोडा चूरा सप्लाई करने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामद डोडा चूरा व शराब के साथ थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा व उनकी टीम।
थाना प्रभारी शाहपुर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि हाल ही में विभाग ने नशे के खिलाफ प्रदेश व्यापी जागरूकता अभियान पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाया गया था। जागरूकता के बाद अब कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि मुखबिर के माध्यम से ढाबे में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार शाम दल गठित कर ढाबे में दबिश दी गई तो सूचना सही निकली। पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में डोडा चूरा देखकर पुलिस टीम भी हैरान थी। उन्होंने बताया कि अफीम और डोडा चूरा के आदी नशेड़ी ट्रक चालकों के कारण ही अक्सर हाइवे पर दुर्घटनाएं भी होती हैं।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ शाहपुर थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले जम्बूपानी सहित दो स्थानों से गांजे की खेती पकड़ी गई थी। जिसमें लाखों रुपये कीमत के गांजे के हरे भरे पौधे बरामद किए गए थे। किसान मक्के और केले के खेतों में चोरी छिपे अवैध रूप से इसकी खेती कर रहे थे।
डोडा चूरा की खेप बरामद करने में थाने के आरक्षक रविंद्र राय की मुख्य भूमिका रही है। इसके अलावा उप निरीक्षक अजय सिंह चौहान, सोहन सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक मुकेश मोरे, कुन्दन सिंह पवार, आरक्षक अक्षय दुबे, सुनील खोड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।