बुरहानपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। सिंधी बस्ती चौराहे से गणपति थाने तक का करीब 1.45 किमी का मार्ग जल्द ही सिक्स लेन बनाया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने 9.42 करोड़ रुपये स्वीकृत कर निर्माण एजेंसी भी तय कर ली है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो अगले एक माह के अंदर सड़क निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। सड़क की कुल चौड़ाई 24 मीटर होगी। मौजूदा सड़क के बीच से दोनों ओर 12-12 फीट का मार्ग होगा। जिसमें दोनों ओर दस-दस मीटर के दो लेन होंगे। एक-एक लेन बाइक चालकों के लिए होगा। एक मीटर का फुटपाथ और एक-एक मीटर की नाली जल निकासी के लिए बनाई जाएगी। इसके साथ ही सड़क की भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए भवनों को भी तोड़ा जाएगा।
ज्ञात हो कि शहर के बीच से गुजरे इंदौर-इच्छापुर हाइवे से भारी वाहनों के दबाव को कम करने के लिए करीब चार साल पहले गणपति थाने के पास से सिंधी बस्ती चौराहा, कलेक्टोरेट, न्यायालय होते हुए शिकारपुरा थाने तक बायपास मार्ग का निर्माण कराया गया था। इस मार्ग का सिंधी बस्ती चौराहे से गणपति थाने तक का हिस्सा शुरूआती दौर में ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया था। मार्ग के लोकार्पण से पहले ही यह हिस्सा जर्जर हो गया था। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण बाइक सवारों तक का गुजरना मुश्किल हो गया था। एक भाजपा नेता के रिश्तेदार का ठेका होने के कारण विभागीय अफसरों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की थी। तत्कालीन कलेक्टर सतेंद्र सिंह ने ठेकेदार के खिलाफ चार करोड़ की रिकवरी के आदेश जारी किए थे, लेकिन विभाग अब तक सिर्फ 60 लाख ही वसूल पाए हैं। शेष राशि की वसूली के लिए अब तक न तो विभाग की ओर से ठोस प्रयास किए गए और न ही राजस्व विभाग से आरआरसी जारी करा वसूली के प्रयास किए गए।
सिर्फ एक टुकड़ा सिक्स लेन बनाना औचित्यहीन
लोक निर्माण विभाग के इस निर्णय को लेकर जानकारों ने आश्चर्य जताया है। उनका कहना है कि गणपति नाका से शुरू होकर शिकारपुरा थाने के पास इंदौर-इच्छापुर हाइवे से मिलने वाले इस बायपास की लंबाई करीब छह किमी है। इस मार्ग पर जिला अस्पताल, कलेक्टोरेट, जिला न्यायालय सहित अन्य सरकारी कार्यालय हैं। सिंधी बस्ती से आगे का मार्ग टू लेन रहेगा। ऐसे में बायपास मार्ग के सिर्फ एक टुकड़े को सिक्स लेन बनाया जाना औचित्यहीन है। इस मार्ग से सिर्फ रावेर होकर जलगांव व महाराष्ट्र के अन्य शहरों में जाने वाले भारी वाहन ही आवागमन करते हैं। जबकि महाराष्ट्र के अन्य शहरों से आवागमन करने वाले अधिकांश वाहन शहर के बीच से गुजरे इंदौर-इच्छापुर हाइवे से ही गुजरते हैं।
-सिंधी बस्ती से गणपति थाने तक का मार्ग फिर बनाया जा रहा है। इस बार इसे सिक्स लेन बनाया जाएगा। मजबूती पर भी ध्यान दिया जाएगा।-आरके सोनी, एसडीओ लोनिवि