
बुरहानपुर। मोहम्मदपुरा मार्ग में मंगलवार दोपहर बाइक सवार महिला का दुपट्टा पहिए में फंस जाने से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसमें दो महिलाएं घायल हुई हैं। हादसे के वक्त सामने से आ रहे एसडीएम केआर बड़ोले ने अपना वाहन रोककर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जैनाबाद निवासी घायल ज्योति ने बताया कि वह अपने पति रोहित व मालती के साथ बहादरपुर जा रही थी। न्यायालय के पास अचानक ज्योति का दुपट्टा बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में ज्योति और मालती को गंभीर चोट आई है।
मारपीट में दो लोग घायल
बुरहानपुर। आजाद नगर में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। घायल सईद पुत्र रशीद ने बताया कि आजाद नगर चौराहे पर उसकी दुकान है। वहां वह काम कर रहा था, तभी करीम व उसके दो बेटे आए और अपशब्द कहने लगे। मना करने पर बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। दूसरी ओर घायल करीमउल्लाह का आरोप है कि दुकान के पास से गुजरने पर सईद ने अपशब्त कहे थे। मना करने पर विवाद पर उतर आया और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो ट्रकों में भिड़ंत, दोनों के चालक घायल
बोरगांव बुजुर्ग। इंदौर-इच्छापुर राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर कुमठी और रूस्तमपुर के बीच दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनो ही ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हुए है। वहीं ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक एमएच 37 जे 1175 गैस सिलेंडर लेकर खंडवा से बुरहानपुर की ओर जा रहा था। इधर ट्रक क्रमांक आरजे 07 जीबी 6339 बुरहानपुर की ओर से केले भरकर खंडवा की ओर आ रहा था। ये दोनो ही ट्रक दोपहर डेढ़ बजे के लगभग कुमठी के निकट मोड़ पर टकरा गए। टक्कर में सिलेंडर परिवहन कर रहे ट्रक चालक प्रकाश पुत्र उत्तम उम्र 28 वर्ष निवासी औरंगाबाद व केले से भरे ट्रक का चालक बहादुर सिंह उम्र 40 वर्ष निवासी बीकानेर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद राजमार्ग पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इधर सिलेंडर से भरा क्षतिग्रस्त ट्रक हाइवे पर तो केले से भरा ट्रक सडक छोड़ किनारे स्थित खेत में जा घुसा। राहगीरों ने दोनो ही घायल चालकों को ट्रक से निकाला और बोरगांव पुलिस को हादसे की सूचना दी। बोरगांव से पहुंची डायल 100 ने दोनो घायल चालकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचा दिया हैं। दोनों का उपचार चल रहा है।