बुरहानपुर। रेलवे स्टेशन के आसपास यात्री ट्रेनों से दो दिन में एक महिला सहित दो लोगों के गिरने का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर शाम स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक में एक अज्ञात महिला का शव पाया गया था। जीआरपी और लालबाग थाना पुलिस ने शव जिला अस्पताल पहुंचाया है। अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। दूसरी घटना शनिवार को हुई। दोपहर में पुलिस को सूचना मिली की एक युवक रेलवे ट्रैक पर घायल अवस्था में पड़ा है। पुलिस ने 25 वर्षीय युवक को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। डाक्टरों के मुताबिक युवक की आंतें बाहर आ गई थीं। उसकी हालत चिंताजनक है। घायल युवक की भी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस दोनों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है।
अच्छी शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास ही सीएम राइज स्कूलों का उद्देश्य
शाहपुर। जिले के पहले सीएम राइज स्कूल सीताबाई रामचंद्रराव देशमुख विद्यालय शाहपुर में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शाला में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों की उपस्थिति रही। प्राचार्य अतीक अली ने सीएम राइज विद्यालय के लिए शासन द्वारा निर्धारित की गई सुविधाओं से पालकों को अवगत कराया गया। विभिन्न छात्र उपयोगी योजनाओं की जानकारी दी गई। पालकों को अनुशासन, अच्छे व्यवहार और संस्कारों का महत्व बताया गया। प्राचार्य ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ ही उनका सर्वांगीण विकास ही सीएम राइज स्कूलों का मुख्य उद्देश्य है। जिससे समाज व देश के लिए अच्छे नागरिकों का निर्माण हो सके। विद्यालय में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा किस प्रकार प्रदान की जाएगी इसके बारे में पालकों को समझाया गया। स्कूल में समय-समय पर जो गतिविधियां संचालित होंगी उनके बारे में भी बताया गया।
Posted By: Nai Dunia News Network
- Font Size
- Close