World Environment Day 2023 : बुरहानपुर जिले में जंगल में पेड़ों की पूजा कर लिखा जय हनुमान, ताकि सुरक्षित रहें
World Environment Day 2023 : जंगल को बचाने के लिए घाघरला के ग्रामीणों की अनूठी पहल, धार्मिक अस्था से जोड़ा।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Mon, 05 Jun 2023 06:46:54 PM (IST)
Updated Date: Mon, 05 Jun 2023 06:46:54 PM (IST)

World Environment Day 2023 : बुरहानपुर/नेपानगर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। विश्व पर्यावरण दिवस पौधरोपण कर पेड़ों की सुरक्षा का संकल्प तो हर साल लिया जाता है, लेकिन इसके चंद दिन बाद ही जंगल में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई की खबरें सामने आ जाती हैं। इस बार वन परिक्षेत्र नेपानगर के घाघरला गांव के ग्रामीणों ने पेड़ों और जंगल को बचाने अनूठी पहल की है।
सोमवार को ग्रामीण पास के जंगल में पहुंचे और पेड़ों की पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने सैकड़ों पेड़ों पर पेंट से जय हनुमान लिख दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सा करने से क्षेत्र के लोगों में पेड़ों के प्रति आस्था का भाव जागृह होगा। वे पेड़ों की कटाई करने से डरेंगे और इसी धार्मिक आस्था के कारण पेडों की कटाई पर रोक लगेगी।
गांव के किशन धांडे, पांडुरंग महाजन, संजय पठारे, उमाकांत पाटिल, दीप सिंह, जय सिंह, प्रकाश तुंबा, नवल सिंह, रूपचंद बाबू आदि ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीणों में श्रीराम भक्त हनुमान के प्रति गहरी आस्था है। अधिकांश ग्रामीण प्रकृति व जंगलों से स्नेह भी रखते हैं। इसी के चलते पेड़ों को भगवान तुल्य मानकर उनकी पूजा की गई।
बच्चों के बीच कराई भाषण प्रतियोगिता
नेपानगर की संस्था निर्भय नेपा सोशल वेलफेयर सोसाइटी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर बच्चों के बीच भाषण प्रतियोगिता कराई। साथ ही एक-एक पौधा लगाने का संकल्प दिलाया। संस्था अध्यक्ष शहज़ाद अली ने पर्यावरण के प्रति सजग व जागरूक रहने की बात कही। इस दौरान सचिव राजेंद्र मसाने, सदस्य आशा गावस्कर, फलक अली, प्रिया कोंगे, नंदिनी नायडे आदि मौजूद थे।
नेहरू युवा केंद्र ने कराया पौधरोपण
नेहरू युवा केन्द्र ने सोमवार को नेपानगर के वार्ड क्रमांक 13 में पौधरोपण कराया। जिला युवा अधिकारी पंकज गोस्वामी ने कहा कि मिशन लाइफ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वयंसेवक चेतन जाधव ने युवाओं के साथ मिलकर रिक्त भूमि पर पौधरोपण कराया। इस दौरान पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष विजय यादव ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सलाह दी। पार्षद गिरीश निकम ने अपने वार्ड के गार्डन को स्मार्ट गार्डन में बदलने की बात कही।
कालेज के विद्यार्थियों ने ली शपथ
जवाहर लाल नेहरू शासकीय महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस पर इको क्लब ने विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। प्राचार्य एमआर चौहान ने सभी को हरित शपथ दिलाई। इको क्लब प्रभारी प्रो. बसंत कुमार सोनी ने मिशन लाइफ के सात बिंदुओं पर कार्यशाला आयोजित कर पानी बचाओ, ऊर्जा बचाओ, सिंगल यूज प्लास्टिक को न कहें, सतत खाद्य प्रणाली अपनाने की जानकारी दी।