बुरहानपुर में उत्तर प्रदेश का युवक तीन पिस्टल के साथ गिरफ्तार, डील होने पर डिलेवरी लेकर जा रहा था
खकनार थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को फिर तीन पिस्टल व दो मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मोहम्मद अंसार (22) निवासी आलम खुर्द थाना कैराना जिला सामली उप्र के रूप में की गई है।
Publish Date: Sat, 29 Aug 2026 04:08:47 PM (IST)Updated Date: Sat, 29 Aug 2026 04:08:47 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- खकनार थाना क्षेत्र के पाचोरी गांव में बने थे पिस्टल
- पुलिस ने हथियारों का बाजार मूल्य 74 हजार रुपये आंका है
- आरोपी मोहम्मद अंसार निवासी आलम खुर्द थाना कैराना जिला सामली है
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। खकनार थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को फिर तीन पिस्टल व दो मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद अंसार (22) निवासी आलम खुर्द थाना कैराना जिला सामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है।
पुलिस ने हथियारों का बाजार मूल्य 74 हजार रुपये आंका है। बताया गया है कि तस्करी कर ले जाई जा रही देसी पिस्टल क्षेत्र के पाचोरी गांव में बनाई गई थीं। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से आरोपित ने सिकलीगर से संपर्क किया था। डील होने पर वह डिलेवरी लेकर जा रहा था। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिल गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बैग की जांच करने पर पुलिस को पिस्टल मिले
थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर टीम गठित कर जामनिया गांव के नाले के पास दबिश दी गई थी। बैग की जांच करने पर पुलिस को पिस्टल मिले। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
आरोपित से और पूछताछ की जा रही है कि वह इससे पहले कितनी बार अवैध हथियारों की खेप ले जा चुका है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक जाधव, एएसआई तारक अली, प्रधान आरक्षक सतीश सूर्यवंशी, संदीप सोलंकी, आरक्षक राकेश डावर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि निमाड़ क्षेत्र अवैध हथियारों के लिए कुख्यात है। यहां सिकलीगर लोग निवास करते हैं, जिनमें से अधिकतर अवैध हथियार बनाना जानते हैं। इसके चलते आपराधिक किस्म के शातिर यहां अक्सर अवैध हथियार लेने आते रहते हैं। वहीं कई बार पुलिस इन पर कार्रवाई करती है, लेकिन चोरी-छिपे ये लोग हथियार बनाते हैं और बेचते हैं। इन लोगों का मुख्य कार्य यही है। निमाड़ क्षेत्र के खरगोन-बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर के ग्रामीण इलाकों में सिकलीगरों का प्रमुख निवास स्थान है।