घर के आंगन में आराम करता मिला 10 फीट लंबा अजगर, सर्पमित्र ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
अचानक इतने बड़े सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और डायल-112 पर सूचना दी।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 05:24:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 05:24:40 PM (IST)
करीब 10 फीट का अजगर का रेस्क्यू कर पकड़ा। नईदुनियाHighLights
- बाथरूम जाने के लिए उठे शख्स की नजर अजगर पर पड़ी
- सूचना के महज 15 मिनट बाद मौके पर पहुंचे सर्पमित्र
- अकेले ही अजगर को पकड़ा, देर रात जंगल में छोड़ा
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। शहर की छत्रसाल नगर कॉलोनी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के आंगन में करीब 8 से 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर कुछ खाकर आंगन में ही आराम कर रहा था। अचानक इतने बड़े सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और डायल-112 पर सूचना दी।
आधी रात में हड़कंप
जानकारी के अनुसार दीनदयाल पाल रात में बाथरूम जाने के लिए उठे थे, इसी दौरान उनकी नजर आंगन में पड़े अजगर पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सर्पमित्र को बुलाया गया। रात करीब 12:30 बजे सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ को सूचना दी गई। वह महज 15 मिनट में मौके पर पहुंच गए।
सुरक्षित रेस्क्यू
आकाश सिंह ने सावधानी बरतते हुए अजगर को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने अकेले ही अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इस दौरान अजगर को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
रेस्क्यू के बाद सर्पमित्र अजगर को आबादी से दूर जंगल में ले गए और रात करीब 2 बजे सुरक्षित छोड़ दिया। अजगर के जंगल में छोड़े जाने के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।