छतरपुर के खेत में मिला मगरमच्छ का बच्चा, टोरिया गांव में मचा हड़कंप; वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
पन्ना टाइगर रिजर्व की चंद्रनगर रेंज की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। घटना में किसी व्यक्ति या पशु को नुकसान प...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 10 Oct 2026 04:06:31 PM (IST)Updated Date: Sat, 10 Oct 2026 04:07:00 PM (IST)
खेत में पहुंचा मगरमच्छ का बच्चा। नईदुनियाHighLights
- केन नदी के पास खेत में दिखा जीव
- वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
- किसानों और ग्रामीणों के लिए चेतावनी
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। खेत में फसल और मिट्टी के बीच अचानक दिखाई दिए करीब ढाई फीट से अधिक लंबे मगरमच्छ के बच्चे ने टोरिया गांव में ग्रामीणों को हैरान कर दिया। खेत में काम कर रहे किसानों की नजर जैसे ही इस छोटे मगरमच्छ पर पड़ी, उन्होंने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व की चंद्रनगर रेंज की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित पकड़ लिया। घटना में किसी व्यक्ति या पशु को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है।
किस रास्ते से खेत में पहुंचा मगरमच्छ इसकी पुष्टि नहीं
स्थानीय स्तर पर इस घटना के पीछे केन नदी के आसपास का क्षेत्र होने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर मगरमच्छ जैसे जलीय जीव आसपास के निचले इलाकों, छोटे गड्ढों और खेतों तक पहुंच सकते हैं। हालांकि मगरमच्छ का बच्चा किस रास्ते से खेत में पहुंचा, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
खेत में मगरमच्छ का बच्चा मिलने के बाद ग्रामीणों में उत्सुकता के साथ चिंता भी देखी गई। ऐसे में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया। घटना ने नदी के आसपास खेती करने वाले किसानों के लिए वन्यजीवों के प्रति सतर्कता की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसी भी जंगली जीव के दिखाई देने पर उसके करीब जाने, उसे छूने या खुद पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए, ताकि प्रशिक्षित टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित कार्रवाई कर सके।