चलती बस में उठा धुआं, नींद से जागे 40 यात्री... ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, बस जलकर खाक
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दमकल को बुलाया और आग बुझवाई।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 02:48:23 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 02:48:53 PM (IST)
धू-धूकर जलती बस। वीडियोग्रेबHighLights
- यमुना एक्सप्रेस-वे पर देर रात बड़ा हादसा
- दिल्ली से छतरपुर आ रही थी डबल डेकर एसी बस
- सामान जलने के बावजूद सभी की सुरक्षित बची जान
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। दिल्ली से छतरपुर आ रहे 40 यात्रियों की जिंदगी शनिवार देर रात उस समय खतरे में पड़ गई, जब मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती डबल डेकर एसी बस आग का गोला बन गई। अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, तभी बस से धुआं उठने लगा। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
ड्राइकर की रही सूझबूझ
ड्राइवर ने तत्काल बस सड़क किनारे रोकी और सभी यात्रियों को बाहर निकाल दिया। कुछ ही देर में बस से करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरी बस जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि सभी 40 यात्रियों की जान बच गई, लेकिन उनका सामान आग की भेंट चढ़ गया।
बस दिल्ली से छतरपुर के लिए हुई थी रवाना
- जानकारी के अनुसार खजुराहो ट्रैवल्स की डबल डेकर एसी स्लीपर बस एमपी 14 जेडएच 5063 दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर के लिए रवाना हुई थी।
- शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट पुल के पास अचानक बस से धुआं निकलने लगा।
- धुआं फैलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ड्राइवर जितेंद्र ने तत्परता दिखाते हुए बस को किनारे रोका और यात्रियों को बाहर निकाला।
- जान बचाने की जल्दबाजी में कोई भी यात्री अपना सामान नहीं निकाल सका।
डेढ़ घंटे में बुझी आग, बस पूरी तरह खाक
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बस और उसमें रखा यात्रियों का पूरा सामान जल चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह वायरिंग में शार्ट सर्किट बताई जा रही है। सीओ संजीव कुमार राय के अनुसार रात 1:38 बजे पीआरवी को आग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दमकल को बुलाया और आग बुझवाई। फिलहाल मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।