छतरपुर में हाईवे पर चलते ट्रक में लगी भीषण आग, सूझबूझ दिखाते हुए डिवाइडर पर ट्रक चढ़ाकर कूदा चालक
हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक का अगला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 01:49:45 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 01:50:18 PM (IST)
चलते ट्रक में लगी आग। वीडियोग्रेबHighLights
- चलते ट्रक से उठता दिखा धुआं
- बाल-बाल बची चालक की जान
- दमकल ने आग पर पाया काबू
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। झांसी-खजुराहो फोरलेन हाईवे पर रविवार शाम चलते ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठते देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाया और खुद कूदकर जान बचाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक का अगला हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
झांसी की ओर जा रहा था खाली ट्रक
घटना शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच करारागंज गांव के बस स्टैंड के पास हुई। खाली ट्रक झांसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
सूचना पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची
घटना के बाद हाईवे पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई। पुलिस ने एक तरफ से यातायात चालू कराया। ट्रक हटने के बाद आवागमन सामान्य हो सका। खाली ट्रक होने से माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।