छतरपुर में नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, आगे चल रहे ट्रक में घुसा दूसरा ट्रक, ड्राइवर की मौत
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 12:12:32 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 12:13:04 PM (IST)
केबिन से ड्राइवर की लाश को क्रेन की सहायता से निकाला गया। नईदुनियाHighLights
- होटल रुद्राक्ष के पास भीषण भिड़ंत
- केबिन में बुरी तरह फंसा रहा ड्राइवर
- आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। नेशनल हाईवे-39 पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक ड्राइवर की जान चली गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में होटल रुद्राक्ष के पास आगे चल रहे ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंचे लोगों शुरू किया रेस्क्यू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण ड्राइवर को बाहर निकालना आसान नहीं था। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू शुरू किया। करीब आधे घंटे तक मशक्कत के बाद ड्राइवर को केबिन से बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
टक्कर के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे में जान गंवाने वाले ड्राइवर की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है। दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रकों के नंबर यूपी 81 जीटी 7883 और एनएल 01 एजे 3019 बताए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसा पीछे से हुई टक्कर के कारण हुआ। हालांकि पीछे चल रहे ट्रक की रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी अन्य वजह से दुर्घटना हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
नेशनल हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक को पीछे से दूसरे ट्रक ने टक्कर मारी थी। हादसे में पीछे वाले ट्रक के चालक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। - आशुतोष श्रोत्रिय, थाना प्रभारी, सिविल लाइन छतरपुर