
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में प्लाट बेचने के मामले में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के चचेरे भाई पर राजस्थान की एक महिला ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। एसपी के नाम दिए आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि तीन हजार रुपये स्वेयर फीट के हिसाब से उसे धीरेंद्र शास्त्री के चचेरे भाई दीपेंद्र गर्ग ने उसे प्लाट दिलवाया था। प्लाट की रजिस्ट्री तो करा दी गई लेकिन प्लाट का पता नहीं है। उसे प्लाट का कब्जा नहीं मिल सका है। जिसे लेकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मामला राजस्थान के जालोर दाड़मी देवी ने छतरपुर एसपी के नाम शिकायती आवेदन में आरोप लगाए हैं कि वह दीपेंद्र गर्ग के संपर्क में आई थी। जिससे करीब 45 लाख रुपये में प्लाट खरीदी का सौदा हुआ था। महिला ने एडवांस के तौर पर करीब पांच लाख रुपए भी दिए। बाद में रजिस्ट्री करा दी गई, लेकिन प्लाट कहां है। यह नहीं बताया जा सका है। अब वह और पैसे दिए जाने की बात कर रहे हैं। इस मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह का कहना है कि महिला का शिकायती आवेदन आया है। मामले को जांच में ले लिया है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।