
छतरपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। खजुराहों में 21 और 22 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है, जिसे लेकर पर्यटन नगरी खजुराहो को सजाया जाने लगा है। नगरी में विशेष स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, जहां से देश दुनिया से आने वाले मेहमानों का यादगार अभिनंदन किया जा सकें। इस शिखर सम्मेलन में बीस देशों के 50 से अधिक मेहमान शामिल होंगे।
कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट संदीप जीआर ने सम्मेलन की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी है, साथ ही विभिन्न दायित्व सौंपे हैं। कार्यक्रम के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई है। तैयारियों को मूर्त रूप देने और नगर को सुंदर बनाने के लिए लाइटिंग, बाल पेंटिंग सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए नगर परिषद प्रशासन ने टेण्डर भी लगा दिए हैं। यह सम्मेलन इन्वेस्टर और आर्थिक सहयोग पर आधारित रहेगा, जिसमें कई देशों के मिनिस्ट्री स्तर तक के डेलीगेट्स शामिल होंगे। यह सम्मेलन कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के दौरान क्रिकेट मैच, रनेह फाल भ्रमण सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलेक्टर संदीप जीआर ने जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंप दी है। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक अतिथियों को लाने और अन्य जगहों के भ्रमण के दौरान प्रोटोकाल संबंधी सुरक्षा व्यवस्थाएं करेंगे। जिपं सीईओ तपस्या परिहार को शिखर सम्मेलन का नोडल बनाया है। डीएफओ पुनील सोनकर रनेह फाल भ्रमण संबंधी व्यवस्थाएं रखेंगे। आदिज जाति कल्याण विभाग की जिला संयोजक डा प्रियंका राय को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा खजुराहो की धरोहरों का भ्रमण अतिथि करेंगे।
साल के शुरुआत में खजुराहों में आयोजित हुए जी-20 शिखर सम्मेलन को आकर्षक बनाने और विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए चौराहों और फुटपाथों को सजाया गया था। खजुराहो में सैकड़ों खजूर के पेड़ लगाए थे, जिन्हें हरा भरा रखने का प्रयास नगर परिषद कर रही है। जी-20 बैठक के दौरान ननोरा तालाब का गहरीकरण, घाटों का निर्माण और सौंदर्यीकरण का काम किया था। जी-20 बैठक को देखते हुए विशाल पार्किंग और फुटपाथ का निर्माण भी किया जा चुका है।
जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। खजुराहो को खूबसूरती के साथ सजाया जाएगा। नगर पालिका इस कार्य को बेहतर करने में जुटी हुई है। इस सम्मेलन में 50 से अधिक देश दुनिया के मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है।
जीएस पटेल, एसडीएम, राजनगर