Chhatarpur News: शहर की सूरत बिगाड़ने वाला फ्लाईअेवर रद, केंद्रीय मंत्री ने रिंग रोड के लिए पत्र लिखा
Chhatarpur News: छतरपुर शहर की सूरत बिगाड़ने वाला फ्लाईओवर रद कर दिया गया है। अब पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह ने लिखा पत्र।
By Nai Dunia News Network
Edited By: Nai Dunia News Network
Publish Date: Fri, 03 Mar 2023 08:00:18 PM (IST)
Updated Date: Fri, 03 Mar 2023 08:41:21 PM (IST)

Chhatarpur News: छतरपुर . नईदुनिया प्रतिनिधि। छतरपुर शहर की सूरत बिगाड़ने वाला फ्लाईओवर रद करने पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह ने केंद्रीय सड़क, परिवहन मंत्रालय नई दिल्ली के महानिदेशक को पत्र भेजा है।
शहर के सबसे मुख्य और चौड़े मार्ग जवाहर रोड पर आकाशवाणी तिराहा से महोबा रोड तक सेतु बंधन योजना से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने फ्लाईओवर स्वीकृत किया था। व्यापारियों, रहवासियों और जनप्रतिनिधियों ने फ्लाईओवर का विरोध किया। नईदुनिया ने लगातार खबर प्रकाशित कर व्यापारियों और रहवासियों की बात जिम्मेदारों तक पहुंचाई। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने फ्लाईओवर के बजाय रिंग रोड के लिए पत्र भेजा है। इससे आने वाले वर्षों में शहर को रिंग रोड की सौगात मिलेगी।
नईदुनिया ने हालात कर दिए थे बयां
नईदुनिया ने नौ फरवरी को खबर प्रकाशित कर बताया था कि शहर की सूरत बिगाड़ने वाला फ्लाई ओवर रद होगा। यहां बता दें, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने जनवरी 2023 में ओरछा में फ्लाई ओवर का भूमि-पूजन किया था। इससे पहले शहर के व्यापारी, छतरपुर सांसद केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार से विरोध दर्ज करवा चुके थे। खजुराहो सांसद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा से भी विरोध किया था। व्यापारियों के विरोध के बीच केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने एमपीआरडीसी के अधिकारियों से फ्लाईओवर की उपयोगिता के बारे में पूछा। अधिकारियों ने इसे शहर के हित में नहीं बताया था। इसके साथ ही अधिकारियों ने कह दिया था अब फ्लाईओवर नहीं बनेगा। सिर्फ नईदुनिया ने यह खबर प्रकाशित की थी।
फ्लाईओवर की राशि दूसरे प्रजोक्ट के लिए जाएगी
शहर में आकाशवाणी तिराहा से महोबा रोड तक 1800 मीटर लंबे फ्लाईओवर की अगस्त 2022 में घोषणा हुई थी। पहले चरण में 65 करोड़ 17 लाख रुपये से 760 मीटर फ्लाईओवर की स्वीकृति मिली थी। एजेंसी नियुक्त कर प्रारंभिक सर्वे शुरू किया गया था। शहर के व्यापारियों, रहवासियों ने विरोध किया। कांग्रेस नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी की बेटी निधि चतुर्वेदी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से मिलीं। खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने भी संकेत दिए थे कि शहर के लोग, व्यापारी नहीं चाहते तो फ्लाईओवर नहीं बनेगा। अब पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह ने फ्लाईओवर को रद करने की अनुशंसा के साथ इस राशि को दूसरे प्रोजेक्ट के लिए अनुसंशा की है।
फ्लाईओवर रद करने का पत्र मिल गया है
छतरपुर शहर का फ्लाईओवर रद करने की अनुशंसा वाला पत्र हमें भी मिल गया है। सांसद ने इसकी अनुशंसा की थी। अब उनकी ओर से शहर के भारी यातायात को डायवर्ट करने रिंग रोड के लिए पत्र लिखा गया है।
महेंद्र कुमार पटेल, एजीएम, एमपीआरडीसी, छतरपुर
शहर हित में नहीं था फ्लाईओवर
फ्लाईओवर शहर के हित में नहीं था। व्यापारियों, रहवासियों के विरोध के चलते मैंने भी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात की थी। मंत्रालय में बराबर संपर्क में रही। शहर के लिए रिंग रोड की आवश्यकता है।
निधि चतुर्वेदी, सदस्य, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी